जद्दोजहद के बाद नवें दिन कोरोना पॉजटिव का हुआ पोस्टमार्टम

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

परिजनों के न आने से पुलिस ने कराया दाह संस्कार


अयोध्या। जद्दोजहद के बाद अन्ततः कोरोना पॉजटिव शव का नवें दिन पोस्टमार्टम कराकर पुलिस अभिरक्षा में शवदाह गृह यमथरा पर दाह संस्कार कराया गया। इसकी पुष्टि क्षेत्राधिकारी नगर अरविन्द चौरसिया ने की है।
बताते चलें कि जनपद संत कबीरनगर के थाना हीरा क्षेत्र के 48 वर्षीय वंश साहनी व उसकी पत्नी को दुर्घटना में घायल होने के बाद 16/17 की रात में जिला चिकित्सालय अयोध्या में भर्ती कराया गया उसी रात वंश साहनी की मृत्यु हो गयी थी। चिकित्सालय प्रशासन द्वारा वंश साहनी का सैम्पुल लखनऊ लैब जांच के लिए भेजा गया था। 18 मई को देर रात रिपोर्ट आयी तो वंश साहनी कोरोना पॉजटिव पाया गया। चिकित्सालय प्रशासन ने पुलिस को मेमो भेजकर शव को पोस्टमार्टम के लिए पोस्टमार्टम हाउस भेजवाकर अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर ली।


सीओ सिटी अरविन्द चौरसिया ने इस प्रकरण के सम्बंध में बताया कि वंश साहनी की पत्नी दूसरे दिन ही संत कबीरनगर स्थित अपने गांव चली गयी थी तथा मुकामी प्रशासन ने उसके पूरे परिवार को क्वारंटाइन कर दिया था। पुलिस ने जब थाना हीरा से सम्पर्क कर वंश साहनी के परिजनों को अन्तिम संस्कार के लिए अयोध्या लाने की कोशिश की गयी तो पता चला कि क्वारंटाइन होने के कारण परिवार का कोई सदस्य शव के अन्तिम संस्कार के लिए अयोध्या नहीं आ पायेगा। सीओ सिटी ने बताया कि इस विषम परिस्थिति में 26 मई को पोस्टमार्टम करवाया गया और शव के दाह संस्कार के लिए पुलिस ने मुखाग्नि आदि की व्यवस्था कराकर अन्तिम संस्कार करवा दिया है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya