एसआईआर को लेकर सियासी घमासान तेज

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-सपा सांसद अवधेश प्रसाद मिल्कीपुर तहसील में 24 फरवरी को देंगे धरना

अयोध्या। जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सांसद अवधेश प्रसाद ने घोषणा की है कि वह 24 फरवरी को मिल्कीपुर तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन करेंगे। बुधवार को शाने अवध सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने चुनाव आयोग पर भाजपा का एजेंट बनकर काम करने का गंभीर आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि आयोग के कान पर जूँ तक नहीं रेंग रही है और तंज कसते हुए कहा कि यदि यही रवैया रहा तो चुनाव आयोग अपने कार्यालय पर भाजपा का झंडा लगा ले। अवधेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर पीडीए वर्ग के मतदाताओं के वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने मिल्कीपुर उपचुनाव में वोट की “डकैती” होने का भी दावा किया और इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला बताया।

उन्होंने यह भी कहा कि एसआईआर मुद्दे पर अखिलेश यादव और राहुल गांधी की चुनाव आयोग से मुलाकात न होना चिंताजनक है। उनके अनुसार, विपक्ष की बात सुनने से आयोग का इंकार लोकतंत्र की भावना के विपरीत है। अपने बयान में उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा प्रदत्त मतदान अधिकारों का हवाला देते हुए कहा कि वोट का अधिकार संविधान की आत्मा है और किसी भी वर्ग के मताधिकार में कटौती स्वीकार नहीं की जाएगी। वहीं, मोहन भागवत के एक बयान पर पूछे गए प्रश्न के जवाब में उन्होंने टिप्पणी से इंकार करते हुए उसे उनकी निजी विचारधारा बताया।

धरना-प्रदर्शन की घोषणा के बाद अयोध्या की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सपा प्रवक्ता लवलेश पांडे ने बताया कि प्रेस कांफ्रेंस के दौरान निवर्तमान जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव,पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे, वरिष्ठ सपा नेता राघवेंद्र प्रताप सिंह अनूप,महानगर के निवर्तमान महासचिव हामिद जाफर मिशम,सपा नेता श्रीचंद यादव, सपा रितेश यादव, कुंवर बहादुर सिंह, यदुनाथ यादव भी मौजूद रहे।

इसे भी पढ़े  प्रतिशोध में सरेराह अवैध असलहे से मारी गोली, घायल

 

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya