न्यायालय परिसर में किया गया विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण
अयोध्या। मुख्य न्यायमूर्ति उच्च न्यायालय/ मुख्य संरक्षक उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के दिशानिर्देशों के अनुक्रम में जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीरज निगम द्वारा जनपद न्यायालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाये गये। उनके साथ इस पौधरोपण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी/अपर जनपद न्यायाधीश सुरेश कुमार शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी मनोज कुमार खरे, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चन्द्रमोहन मिश्र एव जनपद न्यायालय फैजाबाद के समस्त न्यायिक अधिकारीगण तथा कर्मचारीगण उपस्थित हुए।
वृक्षारोपण कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से न्यायिक अधिकारियांे द्वारा न्यायालय परिसर, सेशन हाउस, जजेज कालोनी व सुरसरि कालोनी में सैकड़ों की संख्या में छायादार, फलदार एंव औषधीय महत्व के पौधे लगाये गये। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीरज निगम ने उपस्थित वृन्द को पौधरोपण कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस धरती की हरियाली हमें संजोना ही नहीं वरन अपनी शस्य श्यामला धरती को सजाना भी है। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीरज निगम ने प्रत्येक न्यायिक अधिकारी को अपने दायित्व की ओर प्रेरित करते हुए यह कहा कि पौधों को लगाना मात्र हमारा उद्देश्य नहीं है वरन हम उसे तब तक खाद पानी दे कर उसकी देख-रेख करें जब तक वह स्वयं अपनी देख-रेख करने में सक्षम न हो। एक पल्लवित पुष्पित वातावरण स्वस्थ मानसिकता को जन्म देता है और यही मानव के विकास का आधार है।
नोडल अधिकारी सुरेश कुमार शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि धरती से वृक्षों की संख्या निरन्तर कम होती जा रही है और ग्लोबल वार्मिंग का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है जिस खतरे को अधिकाधिक पौधरोपण से काफी हद तक कम किया जा सकता है। प्रभारी वनाधिकारी मनोज कुमार खरे ने बताया कि वन विभाग ने वृक्षों को बचाने के लिए कड़े नियम बनाये है कानून के अर्न्तगत जनपद में कोई भी पेड़ बिना वन विभाग की एनओसी के नहीं काटा जा सकता है चाहे वह किसी की व्यक्तिगत जमीन क्यों न हो। यदि कोई व्यक्ति वन विभाग की सहमति से कोई पेड़ काटता भी है तो उसको एक की जगह दो पेड़ लगाने होंगे अन्यथा इन पेड़ों का शुल्क वन विभाग में जमा कराना होगा। बिना अनुमति के पेड़ काटने वालों के खिलाफ जुर्माना और जेल तक का प्राविधान है। इस कार्यक्रम में माननीय जनपद न्यायाधीश के नेतृत्व में वरिष्ठ न्यायिक अधिकारीगण अशोक कुमार, हरिनाथ पाण्डेय, श्रीमती रीता कौशिक, भूदेव गौतम, सत्य प्रकाश, सुरेश चन्द आर्या, श्रीमती पूजा सिंह, सुरेश कुमार शर्मा, रवीन्द्र कुमार द्विवेदी, असद अहमद हाशमी, शैलेन्द्र वर्मा एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती श्रद्धा तिवारी आदि पौधारोपण कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।