-संपत्ति विवरण की अड़चन में फंसा जनवरी माह का वेतन, मंडलायुक्त ने लौटाई ग्रांट
अयोध्या।आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज के कर्मचारियों के सामने जनवरी माह के वेतन का संकट खड़ा हो गया है। वेतन भुगतान के लिए भेजी गई ग्रांट को अयोध्या मंडल के मंडलायुक्त ने आपत्ति लगाते हुए वापस कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कर्मचारियों की संपत्ति का विवरण सरकारी पोर्टल पर अपलोड न होने को आधार बनाकर ग्रांट पर रोक लगाई गई।कर्मचारियों का कहना है कि संबंधित पोर्टल 31 जनवरी को NIC द्वारा बंद कर दिया गया था।इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने विभागाध्यक्षों को छह फरवरी तक संपत्ति का ब्यौरा पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश जारी कर दिए जिससे भ्रम और असंतोष की स्थिति पैदा हो गई।
वेतन न मिलने से विश्वविद्यालय के शिक्षकों और कर्मियों में नाराजगी है। कर्मचारियों का आरोप है कि यदि समय रहते संपत्ति विवरण अपलोड कराने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाती तो वेतन अटकने की नौबत नहीं आती। उनका यह भी कहना है कि मंडलायुक्त द्वारा लगाई गई आपत्ति के निस्तारण के लिए अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
मामले में वित्त नियंत्रक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया। विश्वविद्यालय में नए कुलपति के कार्यभार ग्रहण करने की चर्चाओं के बीच वेतन संकट ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।