माझा बरहटा में पुराने आवास गिराये जाने का विरोध, वार्डवासियों ने सौंपा ज्ञापन

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-विस्थापन/पुनर्वास योजना तैयार कर प्रभावित परिवार को वैकल्पिक आवास व समुचित मुआवजा दिये जाने की किया मांग

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या के माझा बरहटा बड़ी मुजहानियां में पुराने आवास को गिराए जाने के विरोध में वार्डवासियों के साथ भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के जिला अध्यक्ष अरविंद यादव व पार्षद कृष्णा गोपाल यादव ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर विरोध जताया है। अयोध्या धाम के वार्ड रामचंद्र दास परमहंस वार्ड, माझा बरहटा बड़ी मुजहानियां में निवासी देशराज यादव पुत्र महादेव यादव के कई वर्षों पुराने आवास को उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद (खंड-1) द्वारा गिराए जाने की कार्यवाही के विरोध में गुरूवार को वार्ड के समस्त नागरिकों ने एकत्र होकर विरोध दर्ज कराया।

वार्डवासियों का कहना है कि उक्त आवास लंबे समय से आबाद है और परिवार वहीं निवासरत है। परिषद की घोषित योजना एवं सार्वजनिक आश्वासन के अनुसार योजना लागू होने से पूर्व निर्मित पुराने मकानों एवं धार्मिक स्थलों व विशेष रूप से भगवान तथागत गौतम बुद्ध से संबंधित विहार/स्थलों को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के न हटाने की बात कही गई थी। इसके बावजूद बिना किसी समुचित पुनर्वास अथवा विस्थापन योजना के मकान गिराने की कार्रवाई की जा रही है, जिसे वार्डवासियों ने अन्यायपूर्ण एवं अमानवीय बताया। वार्डवासियों ने बताया कि अब तक प्रभावित परिवार को न तो कोई लिखित पुनर्वास प्रस्ताव दिया गया है और न ही वैकल्पिक आवास या मुआवजे की स्पष्ट योजना प्रस्तुत की गई है।

इससे परिवार के सामने बेघर होने की स्थिति उत्पन्न हो गई है। पार्षद कृष्ण गोपाल यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने आवास विकास परिषद के अधिकारी अजीत मौर्य को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगे रखी गयी है। ज्ञापन में कहा गया है कि देशराज यादव के आवास को गिराने की कार्यवाही तत्काल प्रभाव से रोकी जाए। विधिवत विस्थापन/पुनर्वास योजना तैयार कर प्रभावित परिवार को वैकल्पिक आवास या समुचित मुआवजा प्रदान किया जाए। योजना के प्रारंभ से पूर्व निर्मित सभी पुराने मकानों एवं धार्मिक स्थलों को सुरक्षित रखा जाए।

इसे भी पढ़े  तीर्थयात्रियों के लिए चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग पर बढ़ेंगी सुविधाएं

प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर नियमों की अनदेखी पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्यवाही की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान अरविंद यादव, वीरेंद्र यादव, रामजतन यादव, भोला यादव, संजय, बृजेश चौधरी, राम शंकर, अनिल यादव, हीरालाल, रामनाथ, देशराज यादव, मनीराम, राकेश, सत्रोहन, बजरंगी राम, धीरज, अमरजीत, भोंदू श्री कृष्ण सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya