-कहा-किसी भी स्थिति में नशे की हालत में वाहन न चलाया जाए तथा निर्धारित गति सीमा का कड़ाई से पालन किया जाए
अयोध्या। होली पर्व के दृष्टिगत सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए एआरटीओ प्रशासन आर.पी. सिंह एवं एआरटीओ प्रवर्तन श्री गुलाबचंद द्वारा उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं चालकों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई।
बैठक में त्योहार के दौरान बढ़ने वाली यातायात भीड़ और संभावित दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए चालकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी स्थिति में नशे की हालत में वाहन न चलाया जाए तथा निर्धारित गति सीमा का कड़ाई से पालन किया जाए।
एआरटीओ प्रशासन ने चालकों से अपील की कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी पहली जिम्मेदारी है। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, ओवरलोडिंग से बचें और वाहन की तकनीकी जांच सुनिश्चित करें। एआरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि होली के दौरान विशेष चेकिंग अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षित ड्राइविंग से ही त्योहार की खुशियां बनी रहती हैं और सभी का सहयोग सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में अहम भूमिका निभाता है।