स्वच्छता और सुंदरता के शिखर पर 19 को नजर आएगी रामनगरी

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-महापौर ने राष्ट्रपति के आगमन को लेकर की तैयारी बैठक

अयोध्या।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आगामी 19 मार्च को जब श्रीरामजन्मभूमि मंदिर के द्वितीय तल पर श्रीराम यंत्र स्थापित कर रही होगी, उस वक्त मंदिर परिसर से बाहर पूरे नगर की छटा भी अलौकिक नजर आएगी। इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले हजारों अतिथि एवं लाखों श्रद्धालु रामनगरी की दिव्यता के साथ स्वच्छता के पैमाने पर मॉडल नगर निगम का अक्स जेहन में उतार कर लौटें, इसके लिए नगर निगम खास तैयारी कर रहा है।

नगर निगम के तिलक हाल में आयोजित तैयारी बैठक में 19 मार्च को श्रीराम जन्मभूमि परिसर में महामहिम राष्ट्रपति के आगमन एवं आयोजित समारोह के मद्देनजर जन सुविधाओं को बेहतर बनाने की योजना को अंतिम रूप दिया गया। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने अधिकारियों को नगर के सभी अंडरपास, बृहस्पति कुंड, लता चौक, राम की पैड़ी, सरयू तट पर एवं सजावट के खास निर्देश दिए हैं। यहां पेयजल का भी इंतजाम किया जाएगा। मंदिर परिसर के अलावा इन स्थलों पर आगंतुकों के भ्रमण की संभावना अधिक है।

इसके साथ ही अतिथियों के ठहरने के लिए चिन्हित किए गए स्थलों, वाहन पार्किंग स्थलों, भंडारा स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, टैक्सी स्टैंड पर विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय किया गया है। इस दौरान फुटपाथ पर अतिक्रमण न रहे, इसका ध्यान रखने के लिए प्रवर्तन दल को हिदायत दी गई।
महापौर ने 20 पार्किंग स्थलों पर सफाई एवं प्रकाश का प्रबंध करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अतिथियों को कूड़ा-करकट तथा सड़क पर आवागमन के समय धूल का सामना न करना पड़े, इसके लिए सफाई के साथ ही पानी का छिड़काव भी किया जाय। उन्होंने कहा कि नालियों में एंटी लार्वा का छिड़काव 17 मार्च तक कर लिया जाय।

इसे भी पढ़े  डॉक्टर ने बिना दवा-इंजेक्शन बैठाई खिसकी हड्डी

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि बैठक में तय किया गया कि रैन बसेरा एवं वाटर एटीएम की आवश्यकता अनुसार मरम्मत एवं सफाई भी सुनिश्चित हो। साढ़े आठ किलोमीटर लंबे आवागमन मार्ग पर सफाई, मोबाइल टॉयलेट एवं पेयजल के लिए टैंकर उपलब्ध रहने का निर्णय लिया गया। मार्ग पर लगभग 20 जगह संस्कृतिक कार्यक्रम के मंचन की व्यवस्था होगी, जहां सफाई और पेयजल का विशेष इंतजाम रखना होगा।

इस मार्ग को पौधों से भी सजाया जाएगा। भंडारा स्थल पर पेयजल की व्यवस्था और सफाई के लिए कर्मचारी तैनात करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, सुमित कुमार, महाप्रबंधक जलकल सौरभ श्रीवास्तव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राममणि शुक्ल, सहायक नगर आयुक्त गुरुप्रसाद पांडेय, सभी जोनल अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya