-श्रीराम जन्मभूमि परिसर के पीएफसी में हुई ब्रीफिंग बैठक

अयोध्या। रामनवमी के दृष्टिगत जनपद में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर एडीजी जोन प्रवीण कुमार, मंडलाआयुक्त राजेश कुमार , डीआईजी सोमेन वर्मा व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बुधवार को तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रमुख स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा और आवश्यक निर्देश दिए। भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस अधिकारियों की जोनल व सेक्टर स्तर पर तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी।
यातायात को व्यवस्थित करने के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा तथा विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं चैत्र रामनवमी के सफल आयोजन के दृष्टिगत श्रीराम जन्मभूमि परिसर के पी०एफ०सी० में एक विस्तृत ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में उच्च स्तरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति रही, जिनमें अपर पुलिस महानिदेशक प्रवीण कुमार, मंडलायुक्त राजेश कुमार, डीआईजी सोमेन बर्मा, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव ग्रोवर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मंडलायुक्त राजेश कुमार ने रामनवमी पर्व के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं के संबंध में भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा फुटपाथों को खाली रखा जाए, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की समस्या न हो। संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने तथा दर्शन-पूजन कार्यक्रम को स्क्रीन के माध्यम से भी प्रसारित करने के निर्देश दिए। उ
न्होंने कहा कि रामनवमी अयोध्या के प्रमुख पर्वों में से एक है, श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अपर पुलिस महानिदेशक प्रवीण कुमार ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने तथा संदिग्ध पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। मंदिर परिसर में बिना जांच के किसी को भी प्रवेश न दिए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बताया कि रामनवमी के अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं के अयोध्या आगमन की संभावना है। इसके लिए बैरिकेटिंग, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा व एंटी ड्रोन सिस्टम आदि व्यवस्थाएं पहले से ही दुरुस्त कर दीजिए।
बैठक से पहले उच्च अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मेला परिसर में चल रही तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेना तथा श्रद्धालुओं/आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात प्रबंधन एवं स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तृत रूप से अवलोकन किया। इसके साथ ही अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, शौचालयों की उपलब्धता, पेयजल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था तथा अस्थायी दुकानों एवं पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु पार्किंग स्थलों एवं मार्ग संकेतकों का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।