अयोध्या । कैट थाना पुलिस ने शनिवार सुबह लखनऊ हाईवे पर ओवरटेक के दौरान खरोच लगने के विवाद में ट्रक चालक और परिचालक की पिटाई के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में नीली बत्ती के दुरुपयोग,मुख्य मार्ग पर गाड़ी खड़ी कर अवरोध उत्पन करने के आरोप में अलग से रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सीओ सिटी श्रेयश त्रिपाठी ने बताया कि प्रकरण में विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर संचरित एक वीडियो का संज्ञान लेकर जांच कराई गई थी। जांच में घटना कैट थाना क्षेत्र में लखनऊ हाईवे स्थित मुमताजनगर की पाई गई थी। पुलिस ने ट्रक के चालक और परिचालक का मेडिकल परीक्षण कराया था और प्रियांशु को नामजद करते हुए मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की थी।
उन्होंने बताया कि प्रकरण में पुलिस ने नागेश मिश्रा उर्फ प्रियांशु मूल निवासी ग्राम देवरिया बाबू,थाना रामकोला, जनपद कुशीनगर हालपता इन्द्रानगर थाना गाजीपुर जनपद लखनऊ को गिरफ्तार किया है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त नीली बत्ती युक्त एक्सयूवी बरामद हुई है। सीओ सिटी ने बताया कि मामले में नीली बत्ती का दुरुपयोग, वाहन को हाईवे पर खड़ा कर आवागमन में बाधा खड़ी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पीड़ितों के खाते में वापस कराया 59 हजार
अयोध्या। साइबर ठगी के दो मामलों में पुलिस ने दो पीडितों के बैंक खाते में 58 हजार 999 रूपये की रकम वापस कराई है। प्रभारी निरीक्षक थाना साइबर क्राइम मो.अरशद ने बताया कि एक बैंक कर्मी को एपीके फाइल भेज उसका मोबाइल हैक कर धोखे से 45 हजार रूपये ट्रान्सफर करा लेने के सम्बन्ध में अयोध्या कोतवाली के साइबर सेल की मदद से 45000 तथा गलती से दूसरे के खाते में रुपये चले जाने के संबंध में 13999 रुपये की धनराशि वापस कराई गई है।