-ग्रामीण के साथ-साथ अब शहरी बचत खाताधारकों को भी मिलेगा सीधा लाभ
अयोध्या। मण्डलीय डाकघर पहुँच कर लोकसभा सांसद अवधेश प्रसाद ने आज ग्रामीण डाक जीवन बीमा के नए सूचनात्मक ब्रोसर का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने डाक विभाग की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि डाकघर अब केवल गांवों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके व्यापक लाभों का दायरा अब शहरी क्षेत्रों तक भी बढ़ गया है।
ग्रामीण और शहरी खाताधारकों को एक समान लाभ
सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह बेहद सराहनीय कदम है कि डाक जीवन बीमा (PLI/RPLI) के माध्यम से अब गांवों के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों के बचत बैंक खाताधारकों को भी सुरक्षित निवेश और सुरक्षा का बेहतरीन विकल्प मिल रहा है। इससे हर वर्ग का आर्थिक सशक्तिकरण होगा।
उन्होंने रेखांकित किया कि डाकघर के बचत बैंक खातों को इस बीमा योजना से जोड़ने से खाताधारकों को दोहरी सुविधा मिलेगी। खाताधारक अपनी नियमित बचत के साथ-साथ अपने परिवार के लिए एक मजबूत और सुरक्षित वित्तीय कवच तैयार कर सकेंगे।
इस दौरान अधीक्षक मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि डाक विभाग ने अपने बचत खाताधारकों को एक बड़ा उपहार दिया है। अब ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) योजना का लाभ केवल ग्रामीणों तक सीमित नहीं रहेगा। पोस्ट ऑफिस के सभी सेविंग बैंक तथा शेड्यूल बैंक के खाताधारक अब इस कल्याणकारी योजना से जुड़ सकेंगे। अधीक्षक डाकघर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस योजना से आम जनता को व्यापक स्तर पर जोड़ने के लिए आगामी 21 अगस्त को एक विशेष महा-अभियान चलाया जाएगा।
इस अभियान के तहत डाककर्मी लोगों को घर-घर जाकर और विशेष शिविरों के माध्यम से इस बीमा योजना की खूबियों के बारे में जागरूक करेंगे।उन्होंने आगे कहा कि इस नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देना है। अभी तक यह योजना सिर्फ ग्रामीण क्षेत्र के निवासियों के लिए ही उपलब्ध था ।
अब पोस्ट ऑफिस में बचत खाता अथवा शेड्यूल बैंक में खाता रखने वाला कोई भी नागरिक, चाहे वह किसी भी क्षेत्र का हो, इस योजना के तहत सुरक्षित निवेश कर सकता है। ग्रामीण डाक जीवन बीमा अपने कम प्रीमियम और अधिक बोनस दरों के लिए जाना जाता है। पात्र उपभोक्ता अपने नजदीकी डाकघर में जाकर इस महा-अभियान का हिस्सा बन सकते हैं इस दौरान कुँवर बहादुर सिंह, सत्येन्द्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।