-आईजी ने दिखाई हरी झंडी,एसपी सिटी ने किया समापन
अयोध्या। शारदीय नवरात्र से चलाये जाने वाले मिशन शक्ति अभियान के पांचवें चरण का रविवार को जागरूकता रैली के साथ आगाज हुआ। अभियान के प्रति जागरूकता के लिए महिला पुलिस कर्मियों ने जुड़वा शहरों अयोध्या और फैजाबाद के के मुख्य मार्ग पर वाहनों के काफिले के साथ रैली निकाली। पिलिस लाइन से आईजी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और एसपी सिटी व ट्रैफिक ने रामकथा पार्क पर समापन किया।
शाम को पुलिस लाइन में सीएम के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण के बाद वाहन रैली निकाली गई। प्रसारण के दौरान विभिन्न योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। रैली शहर के मुख्य मार्ग होते हुए अयोध्या धाम के रामकथा पार्क पर संपन्न हुई। रैली को आईजी प्रवीन कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में महिला पुलिस के स्कूटी सवार पिंक दस्ते,डायल 112 दस्ते के वाहन समेत अन्य शाखाओं के चार पहिया वाहन शामिल रहे। कार्यकम के दौरान नोडल अधिकारी एसपी देहात बलवंत चौधरी,एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी,एसपी यातायात अयोध्या प्रसाद सिंह,प्रतिसार निरीक्षक संदीप कुमार राय समेत अन्य मौजूद रहे ।
आईजी प्रवीण कुमार ने बताया कि नारी सुरक्षा,नारी सम्मान व नारी स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति अभियान के चार चरण पूरे हो चुके हैं । इस शारदीय नवरात्र से अभियान का पांचवां चरण शुरू हो रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण है। जिसके लिए महिला पुलिस बल की ओर से अनवरत विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। महिला सुरक्षा के लिए एण्टी रोमियों टीमें सक्रिय हैं। शारदीय नवरात्र में पूजा पण्डालों एवं मंदिरों के आस-पास महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जा रही है।