मिल्कीपुर उपचुनाव : अंतिम दिन तक भाजपा-सपा में रहेगा घमासान

by Next Khabar Team
6 minutes read
A+A-
Reset

-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा पर रहेगी समाजवादी पार्टी की नजर

अयोध्या। मिल्कीपुर उपचुनाव में प्रचार अपने चरम पर पहुंच चुका है। 30 जनवरी को सपा नेत्री सांसद डिंपल यादव के रोड शो के बाद सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव मिल्कीपुर में 3 फरवरी को जनसभा करेंगे। वहीं सूबे के मुखिया दो फरवरी को भाजपा प्रत्याशी के लिए समर्थन जनसभा करेंगे। 03 फरवरी को मुख्यमंत्री का रोड शो भी हो सकता है।

इस बार मुख्यमंत्री के रोड शो पर सबसे ज्यादा निगाहें सपा पदाधिकारियों की होगी। क्योंकि सांसद डिम्पल के रोड शो में निर्धारित संख्या से अधिक वाहनों के चलते आचार संहिता के उल्लंघन का केस अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज हुआ है। तो मुख्यमंत्री के रोड शो को उसी नजर से सपाई देखेंगे।

पांच नंबर चौराहा पर अखिलेश की सभा को नहीं मिली अनुमति

पूर्व मुख्यमंत्री व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की जनसभा के लिए पार्टी प्रत्याशी अजीत प्रसाद और जिले के पदाधिकारियों की कोशिश थी कि इनायतनगर के 05 नम्बर चौराहे के मैदान में कराई जाए लेकिन प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने से खीझ रहे हैं। अब उनकी जनसभा भिटारी कल्याणपुर में होगी। माना जा रहा कि रायबरेली हाईवे जाम को लेकर पांच नंबर चौराहा पर जनसभा की अनुमति प्रशासन से नहीं मिली। इससे पूर्व सपा नेत्री सांसद डिंपल यादव के रोड शो को लेकर रायबरेली हाईवे घन्टों जाम था। जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने बताया कि अनुमति न मिलने पर अखिलेश की जनसभा भिटारी-कल्याणपुर के किसान इंटर कालेज के मैदान में होगी।

पूर्व प्रमुख कमलासन पांडेय मुख्यमंत्री के समक्ष बनेंगे भाजपाई

राजनीतिक घमासान के बीच भाजपा एक बड़ा झटका सपा को देने जा रही है। दो फरवरी को मिल्कीपुर के सर्वोदय इंटर कालेज, रामगंज में भी मुख्यमंत्री की चुनावी जनसभा है। इसी जनसभा में कांग्रेस के नेता व पूर्व प्रमुख कमलासन पांडेय मुख्यमंत्री के समक्ष भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे। इससे पहले कमलासन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार कर रहे थे।

इसे भी पढ़े  दलित बेटी की हत्या पर फूट-फूट कर रोए ‘सपा’ नेता अवधेश प्रसाद

अब प्रचार में जाना बंद कर मुख्यमंत्री की दो फरवरी की जनसभा का इंतजार कर रहे हैं। मिल्कीपुर में विधानसभा चुनाव पांच जनवरी को है। मतदान आठ जनवरी को। भाजपा में शामिल होने के बाद कमलासन पांडेय को मात्र 24 घंटे का मौका ही प्रचार के लिए मिलेगा। तीन फरवरी की सायं प्रचार बंद हो जाएगा। पूर्व ब्लाक प्रमुख कमलासन पांडेय के भजपाई बनने से ब्राह्मण वोटों को भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में ध्रुवीकरण हो सकता है। वहीं सपा पदाधिकारी भी भरपाई के लिए जातीय जनसंपर्क तेज कर दिए हैं। वोटरों के गोलबंदी में जुटे सपा कार्यकर्ताओं की कोशिश होगी कि ब्राह्मण मतों को ज्यादा से ज्यादा सहेजा जाए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का रोड-शो होगा चुनौती

मुख्यमंत्री योगी की जनसभा के अगले दिन रोड शो को लेकर मिल्कीपुर के आमजन में चर्चाओं पर गौर करें तो सपा नेत्री डिम्पल यादव के रोड शो से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर अभी इसकी पुष्टि नहीं है। सांसद डिपंल यादव के सफल रोड-शो के बाद से मुख्यमंत्री के रोड-शो की चर्चा तेज है। क्योंकि सांसद डिंपल यादव के सफल रोड शो के बाद इनायत नगर पुलिस की तरफ से मुकदमा दर्ज किया गया। यह एफआईआर इनायतनगर पुलिस की तरफ से दर्ज हुआ है जो समाजवादी पार्टी के अज्ञात कार्यकर्ताओं के विरुद्ध है।

मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में अब यदि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन फरवरी को रोड शो करते हैं तो भीड़ ही मानक होगी जिस पर सपा की कोशिश बराबर प्रतिक्रिया की होगी। हालांकि अभी यह रोड-शो कहां से होगा, आधिकारिक रूप से इसके कार्यक्रम का इंतजार है। मुख्यमंत्री के रोड- शो में सत्तापक्ष भारतीय जनता पार्टी का स्वाभाविक प्रयास होगा उससे बड़ी भीड़ जुटाकर डिंपल यादव के रोड शो को चुनौती देने की। ऐसा हुआ तो इनायतनगर थाना ही नहीं जिस थाना क्षेत्र में यह होगा उसके सामने सत्तापक्ष के अज्ञात कार्यकर्ताओं के विरुद्ध चुनौती होगी मुकदमा दर्ज करने की। यह सही है कि समाजवादी पार्टी ने रोड शो की जो अनुमति ली होगी उससे ज्यादा वाहन रहे होंगे लेकिन यह क्या गारंटी होगी कि अगर मुख्यमंत्री का रोड शो हुआ तो उसमें अनुमति का उल्लंघन नहीं करेंगे भाजपा कार्यकर्ता। समाजवादी पार्टी पहले से ही खंडासा, कुमारगंज व इनायत नगर पुलिस पर पार्टी नेताओं व कार्यकर्ता के विरुद्ध झूठे मुकदमे दर्ज करने की शिकायत जिला निर्वाचन अधिकारी व निर्वाचन आयोग से कर चुकी है।

इसे भी पढ़े  कुंभ हादसा योगी सरकार की नाकामी : किरणमय नंदा

घोसी विधानसभा उपचुनाव की तरह अखिलेश यादव लड़ रहे मिल्कीपुर

-मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आजमगढ़ के घोसी विधानसभा उपचुनाव की तरह से लड़ रहे हैं। मिल्कीपुर उपचुनाव की जीत हार का फैसला तो आठ फरवरी को मतगणना के बाद पता चलेगा। लेकिन अखिलेश यादव ने इसकी जो चुनावी स्क्रिप्ट तैयार की है पार्टी के लोग उसे घोसी उपचुनाव की कॉपी बताते हैं। जिसमें भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह को बड़े अंतर से हर का सामना करना पड़ा था। अखिलेश यादव उसे ही मिल्कीपुर उपचुनाव में दोहराने के लिए एक नहीं चार सेनापति चुनावी मोर्चे पर लगाए हैं। यह जिले के चुनावी प्रबंधन से अलग हैं।

प्रचार के लिए गांव-गांव की खाक छान रहे पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय पवन, पूर्व मंत्री आनंदसेन यादव, पूर्व विधायक जयशंकर पांडेय, जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव, पूर्व एमएलसी लीलावती कुशवाहा, इंद्रपाल यादव, अमृत राजपाल, राघवेंद्रप्रताप सिंह अनूप आदि तो प्रतीक हैं। पर्दे के पीछे अखिलेश यादव के ये सेनापति विधायक सुरेश यादव-प्रभारी हरिंग्टनगंज, विधायक महेंद्रनाथ यादव- प्रभारी मिल्कीपुर व विधायक गौरव रावत-प्रभारी अमानीगंज ब्लाक के हैं। चौथा नाम सुनकर चौंक जाएंगे। यह जिले से पूर्व विधायक अब्बासअली जैदी रुश्दी मियां का है। वर्ष 2022 विधानसभा में सपा से टिकट न मिलने से नाराज वह पार्टी छोड़कर बसपा से रुदौली सीट से विधानसभा का चुनाव लड़े। जीते तो नहीं, लेकिन मिले सम्मानजनक वोट ने लोकसभा चुनाव के समय उनकी घर वापसी करा दी।

रुश्दी का शामिल कराने का श्रेय उस समय लोकसभा चुनाव लड़ रहे अवधेश प्रसाद को मिला। वही रुश्दी अब अखिलेश के भरोसेमंद उन सेनापतियों की कतार में हैं जिनको चुनाव में वाहनों के प्रबंधन की जिम्मेदारी मिली है। डिंपल यादव के सफल रोड-शो में पार्टी के क्षत्रपों के अलावा अखिलेश के सेनापतियों का भी योगदान माना जा रहा है। उनकी भूमिका बड़े इवेंट मैनेजर के रूप में सामने आई है। मिल्कीपुर विधानसभा का उपचुनाव अवधेश प्रसाद के सांसद निर्वाचित होने के बाद हो रहा है।

इसे भी पढ़े  कमजोर बूथों पर करें विशेष फोकस : जेपीएस राठौर

पार्टी ने सांसद पुत्र अजीत प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है। उपचुनाव में पांच फरवरी को मतदान व मतगणना आठ फरवरी को है। मुख्यमंत्री कई बार चुनाव प्रचार के लिए आ चुके हैं। दो फरवरी को सर्वोदय इंटर कालेज -रामगंज में उनकी जनसभा पार्टी प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान को जिताने के लिए है। तीन फरवरी को भी मुख्यमंत्री के कुमारगंज से कुचेरा तक रोड-शो की चर्चा है। हालांकि अभी उनके रोड-शो के बारे में आधिकारिक कार्यक्रम नहीं आया है। वहीं समाजवादी पार्टी तीन फरवरी को हरिंग्टनगंज के किसान इंटर कालेज, भिटारी- कल्याणपुर के पास के मैदान में संबोधित करेंगे। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन यह उनकी पहली चुनावी जनसभा होगी।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya