चैत्र रामनवमी मेले की तैयारियों को लेकर हुई बैठक

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-सम्पूर्ण दर्शन मार्ग पर श्रद्वालुओं को गर्मी से बचाने हेतु व्यापक व्यवस्था किये जाने पर चर्चा

अयोध्या। आगामी चैत्र रामनवमी मेले की तैयारियों एवं आने वाले श्रद्वालुओं को श्रीराम जन्मोत्सव के सुगम दर्शन हेतु मण्डलायुक्त गौरव दयाल द्वारा आई0जी0 प्रवीण कुमार, एस0एस0पी0 राजकरन नैय्यर, नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव चम्पत राय, ट्रस्ट के सदस्य डा. अनिल मिश्र व गोपाल जी के साथ एक आवश्यक बैठक की गयी।

आगामी चैत्र रामनवमी मेले के दौरान धूप एवं गर्मी को देखते हुये मंदिर परिसर सहित सम्पूर्ण दर्शन मार्ग व अन्य प्रमुख स्थलों पर श्रद्वालुओं को गर्मी से बचाने हेतु व्यापक व्यवस्था किये जाने के सम्बंध में चर्चा की गयी। भीड़ नियंत्रण हेतु वरिष्ठ अधिकारियों एवं ट्रस्ट के पदाधिकारियों द्वारा श्रद्वालुओं को रोकने हेतु होल्डिंग एरिया बनाकर वहां पर गर्मी से बचाव के लिए सभी आवश्यक प्रबन्ध करते हुये भीड़ नियंत्रण पर भी चर्चा की गयी। इस दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि मंदिर परिसर व दर्शन मार्ग पर गर्मी से बचाव हेतु यथावश्यक छाजन व दरी की व्यवस्था की गयी है इसके साथ ही यथावश्यक कूलर भी लगाये जायेंगे।

श्रीराम जन्मोत्सव के लाइव प्रसारण की व्यवस्था भी दूरदर्शन के माध्यम से की गयी है। मंदिर परिसर में ट्रस्ट द्वारा लगायी गयी स्क्रीन व परिसर के बाहर सूचना विभाग द्वारा लगाये गये फिक्स एल0ई0डी0, डिस्प्ले बोर्ड व एल0ई0डी0 वैन के माध्यम से अयोध्या के प्रमुख स्थलों पर की जायेगी। अगले चरण में अधिकारियों व ट्रस्ट के पदाधिकारियों द्वारा मंदिर परिसर के विभिन्न स्थलों यथा-अंगद टीला व दर्शन मार्ग, निकास मार्ग सहित श्री हनुमान गढ़ी परिसर व अन्य का निरीक्षण भी किया गया।

इसे भी पढ़े  शहीद लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी के परिजनों से मिले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, अर्पित की श्रद्धांजलि

निरीक्षण के अवसर पर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्था हेतु तैनात मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये गये। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कानून व्यवस्था इन्द्रकांत द्विवेदी, मंदिर मजिस्ट्रेट राजकुमार पांडेय, एस0पी0 सुरक्षा बलरामाचारी दूबे, एस0पी0 नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त वागीश कुमार शुक्ला, अशोक कुमार, सी0आर0पी0एफ0 व एस0एस0एफ0 सहित अन्य सम्बंधी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya