पंचतत्व में विलीन हुए शहीद लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-जमथरा घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया अंतिम संस्कार

अयोध्या। देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी का अंतिम संस्कार शनिवार को जमथरा घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। शुक्रवार देर रात उनका पार्थिव शरीर विशेष विमान से अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचा, जहां सेना द्वारा उन्हें मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया। शनिवार सुबह उनका शव उनके पैतृक गांव मझवा गद्दौपुर लाया गया, जहां माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। सेना के जवानों ने शहीद के पिता जंग बहादुर तिवारी को राष्ट्रीय ध्वज सौंपा। सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। सुबह 11 बजे उनके शव की अंतिम यात्रा जमथरा घाट के लिए निकली, जहां पिता ने पुत्र को मुखाग्नि दी। जमथरा घाट पर सेना द्वारा उन्हें सलामी दी गई।


शहीद के अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि हेतु जनसैलाब उमड़ पड़ा। उनके आवास पर प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, एसएसपी गौरव ग्रोवर, डोगरा रेजीमेंट सेंटर के अधिकारी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, अमित सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चेत नारायण सिंह पूर्व मेयर ऋषिकेश उपाध्याय और बीजेपी महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव सहित कई जनप्रतिनिधियों, राजनितिक दलों के कार्यकर्ता व प्रशासनिक अधिकारियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। शहीद शशांक तिवारी की शहादत पर पूरे जिले में शोक की लहर है। लोगों ने उन्हें सच्चा राष्ट्रभक्त बताते हुए कहा कि उनका बलिदान कभी भुलाया नहीं जाएगा।

नम आंखों से सपा ज़िला अध्यक्ष पारसनाथ यादव, पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव, पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने अंतिम विदाई दी। इस मौके पर सपा ज़िला अध्यक्ष पारसनाथ यादव ने कहा उत्तर सिक्किम की बर्फीली ऊंचाइयों में तैनात लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी ने कर्तव्य, साहस और मानवता की मिसाल पेश करते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी उनके इस बलिदान को देश व देश के लोग युगों युगों तक याद करेंगे। पूर्व मंत्री पवन पांडे ने लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी को पुष्प चक्र अर्पित करते हुए कहा कि आज पूरे देश व अयोध्या के लोगों को लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी पर नाज है कि उन्होंने अपने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दे दिया।

इसे भी पढ़े  कहि न जाइ कछु नगर बिभूती...

उन्होंने कहां की धन्य है ऐसे माता-पिता जिन्होंने शशांक तिवारी जैसे लायक पुत्र को जन्म दिया आज शशांक तिवारी की वीरता की गौरव गाथा अयोध्या के हर नागरिक के जुबान पर है। पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव ने कहा कि लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी की बहादुरी और वीरता पर अयोध्या समेत देश के लोगों को नाज है। सपा प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया कि इस मौके पर राघवेंद्र प्रताप सिंह (अनूप), महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव, श्री चंद यादव, ओपी पासवान, जेपी यादव, शैलेन्द्र कुमार, सीताराम यादव सहित बड़ी संख्या समाजवादी पार्टी के नेता व पदाधिकारियों ने शाहिद बेटे को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya