अयोध्या। जिला मजिस्ट्रेट शशांक त्रिपाठी के आदेश पर एसटीएफ से मुठभेड़ में मौत मामले की मजिस्ट्रेट जांच शुरू हो गई है। जांच अधिकारी ने संबंधित घटना से जुड़े साक्ष्य और गवाही के लिए उनके कार्यालय आने का निवेदन किया है।
महाराजगंज थाना क्षेत्र के ऐमी घाट के पास 7 जून 26 की रात्रि लगभग 11.00 बजे एसटीएफ की प्रयागराज इकाई के साथ मुठभेड़ में मूल रूप से गोरखपुर जनपद निवासी एक लाख के इनामी भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू उर्फ डाक्टर की मौत हो गई थी। जबकि मौके से उसके साथी के अंधेरे का फायदा उठाकर भाग जाने का दावा किया गया था। मामले महराजगंज थाने में पुलिस पर जानलेवा हमले और आयुध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
प्रकरण की पड़ताल में यह बात सामने आई थी कि आजमगढ़ की एक हत्या समेत विभिन्न जनपदों के कई मामलों में फरार भानु प्रताप सिंह जिले के तारुन थाना क्षेत्र के घूरी टीकर गांव में किराए का कमरा लेकर अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। उसकी पत्नी ने जीएनएम का कोर्स किया था और गांव के पास ही अपना क्लीनिक संचालित कर रही थी।
पूर्वांचल का शातिर भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू उर्फ डाक्टर के मुठभेड़ मामले में जिला मजिस्ट्रेट शशांक त्रिपाठी ने उप जिला अधिकारी पवन कुमार शर्मा को मजिस्ट्रेटी जांच सौंपी थी। जांच अधिकारी की ओर से कहा गया है कि मजिस्ट्रेटी जांच में मृतक अथवा घटना के संबंध में जिस किसी व्यक्ति को बयान दर्ज कराना हो अथवा कोई साक्ष्य उपलब्ध कराना हो। वह उप जिलाधिकारी कार्यालय में दर्ज करा सकता है।
दहेज की खातिर पत्नी की पिटाई, रिपोर्ट दर्ज
अयोध्या। नगर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने दहेज की खातिर अपने पत्नी की पिटाई की। प्रकरण में विवाहिता ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवा उसके पति का शांति भंग में चालान किया है। कोतवाली क्षेत्र के कारखाना देवकाली निवासी विवाहिता 25 वर्षीय विजय लक्ष्मी पांडेय पुत्री शिवशंकर का आरोप है कि दहेज की खातिर उसका पति राजकुमार उसको काफी दिनों से प्रताड़ित कर रहा है।
इसी बात को लेकर उसके साथ गाली गलौच की और जान से मार डालने की धमकी देते हुए पीटा। नगर कोतवाल मनोज शर्मा ने बताया कि प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है। आरोपी उसके पति का शांति भंग में चालान किया है।