लॉकडाउन : मास्क न पहने वालों को दी गयी हिदायत

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

नगर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में चला चेकिंग अभियान

अयोध्या। नगर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस ने क्षेत्र भ्रमण कर मास्क न लगाकर घर से बाहर निकलने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिया कि यदि सरकारी आदेश की अवज्ञा हुई तो उन्हें जेल तक भेजा जा सकता है। लॉकडाउन की व्यवस्था का जायजा नगर मजिस्ट्रेट सत्य प्रकाश सिंह ने पुलिस अधिकारियों के साथ नगर में किया। उन्होंने भ्रमण के दौरान देखा कि सरकार द्वारा निर्देशित मास्क अनिवार्य करने की व्यवस्था का अधिकांश लोग उल्लंघन कर रहे हैं। चौराहे पर एक मुस्लिम दम्पत्ति मिला जो कोरोना से बचाव के लिए मास्क नहीं लगाया था नगर मजिस्ट्रेट ने दम्पत्ति को चेतावनी दी की सरकार ने जितने भी आदेश दे रखे हैं उनका शत प्रतिशत पालन किया जाय अन्यथा दण्डात्मक कार्यवाही से काई बचा नहीं पायेगा। दम्पत्ति ने क्षमा याचना किया और भविष्य में घर से बाहर रहने के दौरान हर हाल में मास्क लगाने का वादा किया। कई लोग ऐसे मिले जिन्होंने हेलमेट तो पहन रखा था परन्तु मास्क नहीं लगाये थे। यही नहीं बाइक पर दो लोगों को बैठा रखा था जबकि शासन का स्पष्ट निर्देश है कि बाइक पर केवल एक व्यक्ति ही कहीं आ जा सकता है। दूसरी ओर होम डिलेवरी के आदेश का पालन चिन्हित मेडिकल स्टोरों द्वारा न किये जाने की तमाम शिकायतें भी उच्चाधिकारियों को मिलने लगी हैं। मेडिकल स्टोर संचालकों को जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि यदि उन्होंने होम डिलेवरी न की तो उनकी दूकाने सीज कर दी जायेंगी साथ ही अधिनियम के तहत मुकदमा कायम कर दण्डात्मक कार्यवाही भी की जायेगी।
लोगों ने उम्मीद पाल रखा था कि 14 अप्रैल के बाद लॉकडाउन हटेगा और घर में उनकी नजरबंदी को विराम मिलेगा और वह पहले की भांति बाहर निकलकर इधर उधर आ जा पायेंगे। शुक्रवार को प्रशासन ने जो सख्ती दिखाया है उससे साथ हो गया है कि 14 अप्रैल के बाद भी लॉकडाउन से निजात नहीं मिलने वाला है और उन्हें कुछ दिन और घरों में कैद रहना होगा। महिला थानाध्यक्ष प्रियंका पाण्डेय के नेतृत्व में महिला पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान लोगों से अपील की गयी कि घर से जब भी बाहर निकलें तो हर हाल में मास्क लगायें। बिना मतलब घर से बाहर न निकलने की भी हिदायत दिया। प्रशासन ने लॉकडाउन की वस्तु स्थिति जानने के लिए ड्रोन कैमरे का भी इस्तेमाल किया और यह देखा कि किस-किस क्षेत्र में लोग सड़कों पर बिना मास्क के घूम रहे हैं। चिन्हित स्थानों पर पुलिस बल को भेजा गया।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya