-देखने वालों की लगी भीड़, वन विभाग को करीब एक वर्ष से छका रहा था तेंदुआ
अयोध्या। अयोध्या कैंटोनमेंट के जंगलों में घूमकर लोगों के बीच दहशत फैलाने वाले तेंदुए को आखिरकार पकड़ लिया गया है। मंगलवार सुबह सहादतगंज के पास जंगल में आर्मी द्वारा लगाई गई जाली में तेंदुआ फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना प्रभारी पंकज सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेर लिया। इसके बाद वन विभाग को इसकी जानकारी दी गई, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने की प्रक्रिया शुरू की। बताया जा रहा है कि यह वही तेंदुआ है, जो पिछले 6 महीनों से कैंट क्षेत्र और आसपास के जंगलों में विचरण करता देखा जा रहा था। इसकी वजह से स्थानीय ग्रामीणों और कैंट इलाके के लोगों में लगातार भय का माहौल बना हुआ था।
वन विभाग की टीम तेंदुए की स्वास्थ्य जांच कर रही है और उसे सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की तैयारी में जुटी है। मौके पर पुलिस और सेना के जवानों ने सुरक्षा की दृष्टि से इलाके को सील कर दिया है।