– अवैध शराब की बिक्री और निर्माण के खिलाफ अभियान मिलेंगी मोर्चा
अयोध्या। प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं के सम्मान सुरक्षा और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार को ग्रीन ग्रुप की महिलाओं को आत्मरक्षा के लिए जूडो कराटे का प्रशिक्षण दिया गया। ग्रुप की महिलाओं को अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ मोर्चा लेने की जिम्मेदारी दी गई है। मिशन शक्ति अभियान के तहत इनको आत्मरक्षा के लिए भी तैयार किया जा रहा है।
निवर्तमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी के समय में जनपद में होप वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से ग्रीन ग्रुप का गठन किया गया था। ग्रीन ग्रुप की महिलाओं को ट्रेनिंग दी गई थी और सभी को हरा वस्त्र प्रदान किया गया था। योजना पूरे जनपद में ग्रीन ग्रुप की इकाइयां खड़ी करने की थी लेकिन इस योजना की शुरुआत अवैध शराब के कारोबार को लेकर बदनाम इलाकों में की गई थी। ग्रीन ग्रुप की महिलाओं को अवैध शराब के कारोबार पर रोकथाम तथा कारोबार में लगे लोगों को समझा-बुझाकर इस कारोबार से दूर करने की जिम्मेदारी में पुलिस की मदद के लिए खड़ा किया गया था। हालाकी इधर बीच कई महीनों से वैश्विक महामारी का रूप धर कर चुके नोबेल कोरोनावायरस के संक्रमण को लेकर जारी लाक डाउन और प्रतिबंधों के चलते संगठन की गतिविधियां बंद चल रही थी। प्रदेश सरकार की ओर से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत एक बार फिर ग्रीन ग्रुप को सक्रिय किया जा रहा है। अभियान के तहत मंगलवार को ग्राम पंचायत पलिया शाहबदी से जुड़ी ग्रीन ग्रुप की महिलाओं को आत्मरक्षा के लिए जूडो कराटे का प्रशिक्षण दिया गया और प्रशिक्षक की ओर से ग्रुप के सामने कराटे का डेमोंसट्रेशन किया गया। जनपद पुलिस की ओर से ग्रीन ग्रुप महिलाओं को परिचय पत्र भी आवंटित किया गया है। मिशन शक्ति अभियान की प्रभारी क्षेत्राधिकारी श्रुति गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी कैंट विनोद बाबू मिश्रा,होप वेलफेयर ट्रस्ट एनजीओ के टीम कोआर्डिनेटर दिव्या, टीम असिस्टेंट सौरभ सिंह समेत क्षेत्रीय ग्राम प्रधान व अन्य मौजूद रहे।