गंगा समग्र गुरुपूर्णिमा से शुरू करेगा सघन पौधरोपण

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-श्री गुरु वशिष्ठ गुरुकुल विद्यापीठम में हुई दो दिवसीय चिंतन बैठक

अयोध्या। नदियों के लिए समर्पित संगठन गंगा समग्र गंगा को अविरल और निर्मल बनाने के लिए सहायक नदियों और तालाबों के पुनरुद्धार के साथ ही पौधरोपण के लिए अभियान चलाएगा। अयोध्या स्थित श्री गुरु वशिष्ठ गुरुकुल विद्यापीठम में हुई दो दिवसीय चिंतन बैठक के बाद राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामाशीष ने कहा कि गंगा जी समाज के लिए पूज्यनीय भी हैं और उपयोगी भी। इसी धारणा के तहत गंगा समग्र अपने काम में लगा है। गंगा को अविरल और निर्मल बनाने के लिए आवश्यक है कि उसकी सहायक नदियों की दशा भी सुधारी जाए। सहायक नदियों की हालत ठीक नहीं है।

उन पर जगह-जगह अवैध कब्जे हो गए हैं। रेत व मिट्टी भरने से उनकी गहराई भी कम हो गई है। इससे उनकी जलधारण क्षमता तो कम हुई ही है जल के प्राकृतिक स्रोत भी बंद हो गए हैं। गंगा समग्र सहायक नदियों को कब्जामुक्त करने के साथ ही उन्हें और गहरा करने के लिए अभियानपूर्वक काम करेगा। सहायक नदियों के किनारे सघन पौधरोपण भी किया जाएगा। संगठन के विभिन्न 15 आयाम आपसी समन्वय के साथ इस अभियान में लगेंगे। घाट साफ सुथरे रहें , इसके लिए घाटों की समितियां बनाई जा रही है। समाज जागरण हेतु प्रमुख घाटों पर आरती के कार्यक्रम किए जा रहे हैं।

रामाशीष ने कहा कि बहुत सी छोटी सदानीरा नदियां अब सिर्फ बरसाती बन कर रह गई हैं। वर्षा जल संचयन और सघन वन इन नदियों के लिए जीवनदायक हैं। गंगा समग्र इन नदियों के प्रवाह मार्ग के आसपास के पुराने तालाबों के पुनरुद्धार, नए तालाब-सरोवर खुदवाने के साथ ही सघन वन विकसित करने के लिए जनजागरण कर रहा है। नदियों के किनारे जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।

इसे भी पढ़े  बीन की धुन नही, मादा को रिझाने के लिये नाचता है नाग : डा. आलोक मनदर्शन

गंगा समग्र आगामी गुरुपूर्णिमा से रक्षाबंधन तक पौधरोपण अभियान चलाएगा। इसी तरह सितम्बर महीने में विश्व नदी दिवस पर समाज के विभिन्न वर्गों के बीच जाकर नदी की महत्ता पर कार्यक्रम किए जाएंगे। गंगा नदी चार नवम्बर को राष्ट्रीय नदी घोषित हुई थी । इस दिन देशभर में गंगा महोत्सव मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में विविध कार्यक्रम होंगे। इसी तरह माघ कृष्ण नवमी को गंगा पुत्र भीष्म पितामह की जयंती के अवसर पर संकल्प दिवस मनाया जाएगा। गंगा समग्र के कार्यकर्ता हर वर्ष इस दिन आगामी वर्ष के लक्ष्य तय कर गंगा समेत सभी नदियों को दुर्दशा से मुक्त करने का संकल्प लेते हैं।

इससे पहले चिंतन बैठक में 20 से 23 अगस्त तक प्रस्तावित राष्ट्रीय अभ्यास वर्ग की तैयारियों पर चर्चा की गई। 20 अगस्त से अयोध्या में होने जा रहे अभ्यास वर्ग में देश भर के कार्यकर्ता शामिल होंगे।रामाशीष ने कानपुर और अवध प्रान्त के कार्यकर्ताओं को संगठन के विस्तार के साथ ही कार्यपद्धति के सूत्र बताए। इस मौके पर राष्ट्रीय मंत्री रामशंकर सिन्हा और अवधेश कुमार गुप्त, सह कोषाध्यक्ष चिंतामणि सिंह आदि मौजूद रहे।

 

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya