-ट्रैफिक कंट्रोल, ई-रिक्शा, गोल्फकार्ट संचालन व होम-स्टे को लेकर बैठक सम्पन्न
अयोध्या। मंडलायुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में मंडल कार्यालय सभागार में ट्रैफिक कंट्रोल, ई-रिक्शा एवं गोल्फकार्ट के सुव्यवस्थित संचालन तथा होम-स्टे योजना के संबंध में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में आईजी प्रवीण कुमार सिंह, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, एसएसपी गौरव ग्रोवर, प्राधिकरण उपाध्यक्ष अनुराज जैन,सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह व नगर निगम, यातायात पुलिस, पर्यटन विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में आयुक्त एवं आईजी ने नगर क्षेत्र में सुचारु एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ई-रिक्शा एवं गोल्फकार्ट के संचालन को निर्धारित मार्गों, स्टैंड एवं समय-सारणी के अनुसार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अनियंत्रित एवं अवैध संचालन पर प्रभावी नियंत्रण एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश नगर निगम एवं यातायात पुलिस को दिए। बैठक में निर्णय हुआ की दुकानदारो से वार्ता कर सुनिश्चित करे कि उनकी सामग्री दुकानों के बाहर ना लगायी जाए । यदि कोई करता है तो सख्त कार्यवाही करें। नगर निगम को अतिक्रमण के विरुद्ध कार्यवाही करने का निर्देश दिया गया। ई रिक्शा के लिए रुट निर्धारित किया जाए। बैठक में टेढ़ी बाजार और लता मंगेशकर चौक तक अवैध रूप से चल रहे ई रिक्शा को अनुमति ना देने के निर्देश दिए गए।
होम-स्टे योजना के संबंध में आयुक्त ने कहा कि यह योजना पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को रोजगार एवं अतिरिक्त आय का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने पंजीकरण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने तथा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। निर्देश दिया होम स्टे संचालको को निर्देशित किया जाए कि अपना रजिस्टर अद्यतन रखें। पुलिस विभाग लगातार उनके सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल करती रहे। सी सी टीवी कैमरा स्पेसिफिकेशन के अनुसार लगाए जाए। विदेशी पर्यटकों के पहचान पत्र का विवरण भी होम स्टे के संचालको को रखने के लिए निर्देश दिया जाए। आयुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा एवं नगर की सुव्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।