-जेंडर सेंसटाइजेशन पर व्याख्यान का आयोजन
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के आईईटी संस्थान में मिशन शक्ति फेस 5 के अंतर्गत एक जेंडर सेंसटाइजेशन पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मुख्य वक्ता डॉ. सुधीर प्रकाश ने छात्र-छात्राओं को जेंडर संवेदीकरण से संबंधित मुद्दों, पूर्वाग्रहों और रूढ़ियों के बारे में जागरूक किया और बताया कि लोगों को व्यवहार व सोच में बदलाव लाना होगा ताकि लैंगिक समानता और सम्मान को बढ़ावा मिल सके।
उन्होंने कहा भारत सरकार द्वारा 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना तब तक पूरा नहीं होगा जब तक समाज में लैंगिक विषमताएं विद्यमान हैं। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के द्वारा दिए गए संविधान में सभी लोगों को समान अधिकार दिया गया है, बाबा साहब का सपना भारत में लैंगिक विषमताएं दूर करके ही भारत को एक मंगलकारी देश बनाने का था। डा. प्रकाश ने जीडीपी को छोड़कर मंगल विकास दर की चर्चा किया। भारतीय नारियों के द्वारा घर और समाज के चरित्र निर्माण का मूल्य अतुलनीय बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. बंदिता पांडेय ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य एक ऐसा समाज बनाना है, जहाँ सभी जेंडर के लोगों को समान अवसर, और सम्मान प्राप्त हो। इस कार्यक्रम संचालन डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में डॉ. अनूप कुमार, डॉ. शिक्षा जैन और इं. निधि प्रसाद एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।