-हुई अहम बैठक, भव्य आयोजन के लिए बनी व्यापक रणनीति
रुदौली। चैत्र नवरात्रि एवं मां कामाख्या धाम महोत्सव को भव्य, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर पंचायत मां कामाख्या कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली, जिससे महोत्सव की तैयारियों को लेकर गंभीरता और उत्साह का माहौल स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।
बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि नवरात्रि और मां कामाख्या धाम महोत्सव क्षेत्र की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने इस वर्ष महोत्सव को भव्यता के नए आयाम देने पर विशेष जोर दिया।वही बैठक में उपस्थित सभी ने आयोजन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव रखते हुए समन्वित प्रयासों पर विशेष बल दिया।नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ला ने कहा कि नगर क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं मार्गों की मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि महोत्सव के दौरान नगर की सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुदृढ़ एवं व्यवस्थित रहेंगी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में थाना प्रभारी शैलेन्द्र आजाद द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की गई, जिसमें भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी सुनिश्चित करने की बात कही गई। वहीं विद्युत विभाग ने निर्बाध विद्युत आपूर्ति का भरोसा दिलाया, जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल कैंप एवं आपातकालीन सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की जानकारी दी गई।स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों ने भी आयोजन को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग देने का संकल्प दोहराया।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में यह निर्णय लिया कि मां कामाख्या धाम महोत्सव को इस वर्ष भव्य, सुव्यवस्थित एवं ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा।बैठक में मां कामाख्या धाम महोत्सव के अध्यक्ष रविकांत तिवारी ‘मोनू’, थाना प्रभारी शैलेन्द्र आजाद, चौकी प्रभारी धनीराम वर्मा, अधिशासी अधिकारी (ईओ) निखिलेश मिश्रा,मंडल अध्यक्ष राकेश तिवारी ,नगर पंचायत के सभासद, विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, स्थानीय व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।