माला हत्याकाण्ड के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अयोध्या। घर में काम करने वाला ही माला यादव का हत्यारा निकला। कैंट थाना पुलिस ने अभियुक्त पूराकलन्दर थाना क्षेत्र के मोकलपुर निवासी अर्जुन यादव पुत्र जगन्नाथ यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना कैंट के एसएचओ विनोद बाबू मिश्रा ने बताया कि कैंट थाना में मृतका के पति साकेत यादव ने नामजद मुकदमा पंजीकृत कराया था। एफआईआर में कहा गया था कि ग्राम मोकलपुर निवासी अर्जुन यादव पुत्र जगन्नाथ यादव उसके घर पर राजगीर का काम करता था। उसकी मध्य अर्जुन यादव और उसकी पत्नी 30 वर्षीया माला यादव के मध्य अवैध सम्बन्ध बन गये। दो बार आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद साकेत यादव ने पत्नी माला व अर्जुन यादव को भी समझाया था। तहरीर में कहा गया है कि 13 मार्च को जब माला यादव ने अर्जुन यादव से दूरी बनाना शुरू कर दिया था अर्जुन किचन में घुस गया और माला का गला दबाकर उसे निर्ममता से मौत के घाट उतार दिया। पूराकलन्दर थाना में मु.अ.सं. 136/2020 आईपीसी की धारा 302 के तहत मुकदमा पंजीकृत होने के बाद पुलिस अभियुक्त अर्जुन यादव जो फरार चल रहा था की तलाश कर रही थी। मुखबिर ने सूचना दिया कि ग्राम मोकलपुर में अभियुक्त अर्जुन यादव मौजूद है। कैंट थाना पुलिस ने मंगलवार को घेराबंदी करके हत्या अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। हत्याभियुक्त को गिरफ्तार करने वाले पुलिस दल में कैंट थाना के एसएचओ विनोद बाबू मिश्र, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राम उग्रह कुशवाहा, आरक्षीगण नवनीत सिंह, अतुल शाही व चालक अशोक कुमार राय शामिल थे।