-मंहगाई के विरोध में भाकपा ने सौंपा 6 सूत्रीय ज्ञापन
अयोध्या। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने तहसीलदार सदर के माध्यम से भारत सरकार के राष्ट्रपति को 6 सूत्रीय मांगपत्र देकर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने की मांग किया है। मांगपत्र में सरकार पर किसान, नौजवान, महिला व अल्पसंख्यक विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा गया है कि सरकार जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन कर रही है। मांगपत्र में किसान विरोधी तीनों कृषि कानून वापस लिए जाने, पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस के दामों में की गई वृद्धि वापस लिए जाने, जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बंद करने, प्रदेश की गिरती कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने, प्रदेश के अधिकांश जिलों में दो वर्षों से लगातार धारा 144 का प्रयोग बंद करने तथा आवश्यक वस्तुओं में बढ़ती मंहगाई पर रोक लगाने की मांग की गई है। प्रतिनिधि मंडल में भाकपा राज्य काउंसिल सदस्य अशोक कुमार तिवारी, वरिष्ठ भाकपा नेता सूर्यकांत पाण्डेय, सहायक जिला सचिव रामजी राम यादव, एस एन बागी, महानगर सचिव अखिलेश चतुर्वेदी, भाकपा नेता शैलेन्द्र सिंह आदि लोग शामिल रहे।