अयोध्या में बिना अनुमति चल रहे गोल्फ कार्ट वाहन

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-आरटीआई में हुआ खुलासा, उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष शरद शुक्ला ने उठाया मुद्दा

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में संचालित हो रहे तथाकथित “गोल्फ कार्ट” वाहनों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। शनिवार को उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष शरद शुक्ला ने प्रेस कांफ्रेंस करके इस गम्भीर मुद्दे को उठाया। इस अवसर पर उनके साथ सपा छात्रसभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह, जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष शिवपूजन पाण्डेय उपस्थित रहे। सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत दिनांक 17 नवंबर 2025 को मांगी गई जानकारी में परिवहन विभाग ने दिनांक 09 दिसंबर 2025 को दिए जवाब में स्पष्ट किया है कि अयोध्या जनपद में किसी भी गोल्फ कार्ट वाहन का न तो पंजीकरण हुआ है और न ही उनके संचालन की कोई अनुमति दी गई है।

यह जानकारी उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष शरद शुक्ला द्वारा दाखिल आरटीआई के जवाब में प्राप्त हुई है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), अयोध्या द्वारा जारी लिखित जनसूचना में कहा गया है कि कार्यालय अभिलेखों के अनुसार अयोध्या जनपद में कोई भी गोल्फ कार्ट पंजीकृत नहीं है तथा कार्यालय द्वारा किसी भी गोल्फ कार्ट वाहन के संचालन हेतु अनुमति प्रदान नहीं की गई है। रिपोर्ट में आगे यह भी उल्लेख किया गया है कि परिवहन कार्यालय द्वारा मोटरयान के विपरीत संचालन या अवैध रूप से चलाए जा रहे वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई केंद्रीय मोटरयान अधिनियम, 1988 की धारा 2(28) के अंतर्गत की जाती है। इस खुलासे के बाद यह बात स्पष्ट हो गई है कि अयोध्या में यदि कोई गोल्फ कार्ट वाहन बिना पंजीकरण या अनुमति के संचालित हो रहा है तो वह पूर्णतः गैरकानूनी है, और ऐसे वाहनों पर परिवहन विभाग कभी भी कार्रवाई कर सकता है।

इसे भी पढ़े  शक्ति प्रदर्शन में तब्दील रहा भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत

जनसूचना के इस उत्तर ने नगर में संचालित तथाकथित ई-गोल्फ या टूरिस्ट कार्ट्स की वैधता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। इसी बाबत 17 नवंबर 2025 को मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन को एक शिकायती पत्र शरद शुक्ला के माध्यम से प्रेषित किया गया, जिसमें अयोध्या में संचालित गोल्फ कार्ट की अनियमितताओं पर हो रही लापरवाही के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। शरद शुक्ला ने कहा कि यह अत्यंत गंभीर विषय है कि बिना पंजीकरण और अनुमति के अयोध्या में गोल्फ कार्ट जैसे वाहन खुलेआम संचालित हो रहे हैं। यह न सिर्फ मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ है।

अयोध्या में कानून व्यवस्था का मज़ाक उड़ाते हुए बाहरी कंपनियों को अनुचित लाभ पहुंचाया जा रहा है। परिवहन विभाग और अयोध्या विकास प्राधिकरण को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए तथा सभी अवैध गोल्फ कार्ट के संचालन पर रोक लगानी चाहिए। मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग करता हूं कि इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों एवं कंपनियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। समाजवादी छात्रसभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने कहा कि अयोध्या में बिना अनुमति चल रहे गोल्फ कार्ट प्रशासन की नाकामी का प्रतीक हैं। शहर में पर्यटकों की सुविधा के नाम पर निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

सभी गोल्फ कार्ट का संचालन तत्काल रोका जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर जवाबदेही तय की जाए। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष शिवपूजन पाण्डेय ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अयोध्या विकास प्राधिकरण और परिवहन विभाग आपस में तालमेल न होने के कारण अवैध संचालन को अनदेखा कर रहे हैं। जिला प्रशासन को चाहिए कि तत्काल ऐसे सभी वाहनों को जब्त करे और जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगे।

इसे भी पढ़े  बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रही हिंसा के खिलाफ आप कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन

ज्ञात हो कि विगत दिनों गोल्फ कार्ट द्वारा कई ऐसी दुर्घटनाएं हुईं जिनसे स्थानीय और पर्यटकों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है, यहाँ तक कि एक व्यक्ति के पैर में गंभीर चोट की सूचना भी मिली है। अयोध्यावासियों की सुरक्षा, स्थानीय व्यापारियों की परेशानियों और मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन को देखते हुए यह आवश्यक है कि जिला प्रशासन तत्काल इस अवैध संचालन पर रोक लगाए और जिम्मेदारी तय करे।

 

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya