पूर्ण विश्वास, कोर्ट राममन्दिर के ही पक्ष में देगा फैसला : जन्मेजय शरण

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

कहा- आरएसएस, विहिप, भाजपा, सुन्नी वक्फ बोर्ड व सारे पक्षकार हमारे साथ

अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि मन्दिर निर्माण न्यास के राष्ट्रीय अध्यक्ष रसिक पीठाधीश्वर महन्त जन्मेजय शरण ने अपने आश्रम जानकीघाट, बड़ास्थान पर रविवार को प्रेसवार्ता में कहाकि हमारा लक्ष्य केवल और केवल राममन्दिर बनाना है। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय आने के बाद संत-धर्माचार्यों के मार्गदर्शक और शासन-प्रशासन की देखरेख में भव्य मन्दिर का निर्माण होगा। इसके लिए आरएसएस, विहिप, भाजपा, सुन्नी वक्फ बोर्ड और सारे पक्षकार हमारे साथ हैं। हमें पूर्ण विश्वास है कि कोर्ट राममन्दिर के ही पक्ष में फैसला देगा। उन्होंने कहाकि रामजन्मभूमि करोड़ों हिन्दुओं की भावना से जुड़ा हुआ विषय है। जहां भावना जुड़ती है वहां कार्य जरूर होता है। विश्वास रखें फैसला हिन्दुओं के ही पक्ष में आएगा। जल्द से जल्द मंदिर का निर्माण होने वाला है। श्री रामजन्मभूमि मन्दिर निर्माण न्यास की सानिध्यता में रामलला के भव्य मन्दिर का निर्माण होगा। यह संगठन न तो राजनीतिक है न ही साम्प्रदायिक। यह सिर्फ और सिर्फ अराजनैतिक संगठन है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहाकि हिन्दूवादी नेता कमलेश तिवारी की हत्या में आइएसआइ का हाथ है। इसको नकारा नही जा सकता है। यह बड़े ही खेद की बात है कि उनकी निर्मम हत्या कर दी जाती है। हिन्दुओं को जागृत करने में कमलेश की अहम भूमिका रही है। उनके हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। ऐसी मांग हम प्रदेश की योगी सरकार से करते हैं। यह हत्याकाण्ड बहुत ही निन्दनीय है। इसकी जितनी भी निन्दा की जाए वह कम है। श्री शरण ने बताया कि आज आश्रम पर संगठन के कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें राष्ट्रीय संगठन मंत्री के पद पर नित्यानंद तिवारी को मनोतीत किया गया। इसके अलावा कई अन्य लोगों को सदस्य बनाया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों और सदस्यों से आशा है कि वह देश में संगठन को मजबूत करने का प्रयास करेंगे। इस मौके पर तपस्वी आचार्य पीठाधीश्वर महन्त परमहंसदास, नागा रामलखन दास, श्रीरामजन्मभूमि मन्दिर निर्माण न्यास के उपाध्यक्ष सन्तोष मिश्रा, मछली बंदर मठ वाराणसी के दण्डी स्वामी विमलदेव महाराज, महन्त पंकज शरण, कथा प्रवक्ता रामदास दयालु, भरत दास आदि मौजूद रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya