-कांग्रेस नेताओं ने तीनों महान विभूतियों के विचारों, आदर्शों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान का किया स्मरण
अयोध्या। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा आज बृहस्पतिवार को भारत रत्न महामना पं. मदन मोहन मालवीय की जयन्ती, भारत रत्न चक्रवर्ती राजगोपालाचारी की पुण्य तिथि एवं महाराजा बिजली पासी की जयन्ती के अवसर पर श्रद्धांजलि/पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने तीनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों, आदर्शों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि महामना मदन मोहन मालवीय जी ने शिक्षा और राष्ट्रवाद के क्षेत्र में जो योगदान दिया, वह सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। वहीं चक्रवर्ती राजगोपालाचारी जी का त्याग, ईमानदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण आज भी प्रासंगिक है। महाराजा बिजली पासी जी सामाजिक न्याय और स्वाभिमान के प्रतीक हैं, जिनके संघर्ष को कांग्रेस पार्टी सदैव सम्मान देती रही है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण रानू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करती रही है। आज के कार्यक्रम के माध्यम से हम नई पीढ़ी को इन महान नेताओं के जीवन मूल्यों से अवगत कराने का संकल्प लेते हैं।
पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि देश की एकता, सामाजिक समरसता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए इन महापुरुषों का योगदान अमूल्य है। जिला कांग्रेस प्रवक्ता शीतला पाठक ने कहा समाज को एक सूत्र में बांध कर निचले स्तर तक इनके विचारों को पहुंचाकर हम ऐसे महापुरुषों के प्रति अपनी सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं,।
श्री पाठक के अनुसार कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, हरजीत सिंह सलूजा, अशोक कनौजिया, बृजेश रावत, जनार्दन मिश्रा, शत्रुघ्न कोरी, अशोक राय, धर्मेंद्र सिंह, चंचल सोनकर, प्रेम कुमार पांडे, फ्लावर नकवी, धीरेंद्र सिंह बबलू, देव कुमार वर्मा, अश्वनी सिंह मधुर, महिला महानगर अध्यक्ष नाजिश फातिमा, विजय श्रीवास्तव, डॉ. विनोद गुप्ता सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।