-पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ दर्ज किया केस
अयोध्या। जनपद के थाना महाराजगंज इलाके के दलपतपुर गांव में आपसी रंजिश के चलते शनिवार सुबह ताबड़तोड़ चली गोलीबारी में एक युवक घायल हो गया जबकि दो लोग बाल बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए सीएचसी भिजवाते हुए हालात काबू करने में जुट गई। घटना की सूचना पर एसपीआरए बलवंत चौधरी व सीओ सदर अरविंद सोनकर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसपीआरए बलवंत चौधरी के मुताबिक दलपतपुर गांव निवासी राजेश सिंह पुत्र स्वर्गीय शिवप्रसाद सिंह का कहना है कि शनिवार सुबह करीब 8ः30 बजे भीम सिंह पुत्र अनिरुद्ध सिंह निवासी अमहट थाना रुदौली अपने हाथ में पिस्टल लेकर अपने साथी मुकुलसिंह पुत्र तरुण सिंह व अखिलसिंह उर्फ झुन्ना पुत्र दीनदयाल निवासीगण दलपतपुर थाना महाराजगंज स्विफ्ट कार से आए और कल रात को रास्ते में गाड़ी खड़ी करने की बात को लेकर हुए कहासुनी की बात को दोहराते हुए अपशब्द कहने लगे, जब उनके पुत्र ऋषि ने अपशब्द कहने से मना किया तो भीम सिंह ने गोली चला दी।
गोली ऋषि के पैर के एड़ी में लगी। ऋषि को बचाने के लिए उनकी मां कविता सिंह और अभिषेक सिंह दौड़े तो उनके ऊपर भी फायर कर दिया, लेकिन वह बाल बाल बच गए।गोली की आवाज सुनकर गांव निवासी प्रवेश सिंह और अर्जुन सिंह सहित आसपास के लोगों को आते देखकर आरोपी फायर करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
घायल युवक को सीएचसी मया भिजवाया गया जंहा उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।बताया कि मामले में पीडित के पिता की तहरीर पर तीनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी हुई है,जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।