-भव्य दीपोत्सव में प्रमुख स्थलों की भी होगी सजावट
अयोध्या। इस बार पांचवा दीपोत्सव ऐतिहासिक होगा। जिसमें 7.50 लाख दीये जलाने के साथ साथ प्रमुख स्थलों को भी सजाया जाएगा। दीपोत्सव को लेकर मंगलवार को जनपद प्रभारी मंत्री, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार पर्यटन, संस्कृति, धर्मार्थ कार्य, प्रोटोकाल विभाग डा नीलकण्ठ तिवारी की अध्यक्षता में तैयारी बैठक हुई। 1 से 6 नवम्बर 2021 तक आयोजित होने वाले दीपोत्सव तैयारी बैठक में डीएम अनुज झा ने पिछले दीपोत्सवों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि इस बार 7.50 लाख दीपक जलाये जायेंगे। जिसमें अयोध्या के आसपास के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी दीपक जलाये जायेंगे। इस बार के दीपोत्सव में अधिक भीड़ होगी इसलिए सभी विभाग बेहतर समन्वय से कार्य करें। पीडब्लूडी, नगर निगम, विद्युत विभाग एवं अन्य विभाग के अधिकारियों को कहा गया कि पूरे शहर के गड्ढो को भर दिया जाए। तार आदि लटकते है तो उसको भी ठीक किया जाए। साफ सफाई और नालियों को साफ सफाई पर विशेष ध्यान रखें। प्रदेश के अन्य जनपदों में भी दीपोत्सव मनाया जाएगा।
पर्यटन, संस्कृति, सूचना, राम मनोहर लोहिया विवि, विकास, राजस्व, उद्यान, नगर निगम, विकास प्राधिकरण आदि विभागों के लगभग 27 प्रकार के दायित्व दिये गये है। डीएम ने बताया कि इस बार दीपोत्सव कार्यक्रम 6 दिवसीय होगा। मुख्य कार्यक्रम के दिन साकेत डिग्री कालेज से रामकथा पार्क तक रामायण कालीन आधारित 11 भव्य झांकियां निकाली जायेंगी तथा पूरे अयोध्या परिक्षेत्र को भव्य रूप से सजाया संवारा जायेगा। जगह-जगह तोरणद्वार बनाये जायेंगे। विद्युत झालरों व दीपको से अयोध्या के मठ व मंदिरों को सजाया जायेगा। भगवान श्रीराम, लक्ष्मण एवं माता सीता के स्वरूप पुष्पक विमान से सरयू घाट पर आयेंगे, जिनकी अगुवानी साधु संत एवं अति विशिष्ट व्यक्तियों द्वारा किया जायेगा। इसी दौरान आकाश से पुष्प वर्षा करायी जायेगी तथा रामकथा पार्क में राजतिलक किया जायेगा। इसी दौरान लोक कलाकारों द्वारा रामलीलाओं का मंचन किया जायेगा।
घाटो, मठ एवं मंदिरों पर 7.50 लाख दीप प्रज्जवलित के लिए माटी कला केन्द्र व स्थानीय कुम्हारों से दीप की व्यवस्था करायी जा रही है। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने पूरे कार्यक्रम के दौरान किये जाने वाले व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सम्बंधी व्यौरा प्रस्तुत किया।उपसूचना निदेशक डा मुरलीधर सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को सुंदर एवं भव्य बनाने के लिए सूचना विभाग द्वारा बड़ी संख्या में होर्डिंग्स, स्टैण्डी, कटआउट, एलईडी बैन, एलईडी डिस्प्ले बोर्ड आदि लगाये जायेंगे। ताकि जो भी व्यक्ति जहां हो उसका लाइव प्रसारण उसी स्थल पर देख सकें।