– सरयू स्नान कर नागेश्वरनाथ पर जलाभिषेक को उमड़े श्रद्धालु
अयोध्या। रामनगरी में भगवान शंकर को आस्था निवेदित करने को शिवालयों के पट बृहस्पतिवार भोर ही खोल दिए गए। जिसके बाद हर हर महादेव व बोल बम की गूंज दिनभर रही। अवसर था देवाधिदेव की महाशिवरात्रि का। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या के प्राचीन नागेश्वरनाथ मंदिर और क्षीरेश्वर नाथ मंदिर पर भक्त श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सरयू तट के किनारे स्थित पौराणिक नागेश्वर नाथ महादेव मंदिर पर कतारबद्ध होकर शिव भक्त बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक और पूजन में लगे रहे। जहां एक तरफ भगवान श्री राम के भव्य मंदिर का निर्माण शुरू हो चुका है जिसका दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जय श्रीराम के उद्घोष के साथ रामलला का दर्शन पूजन के लिए पहुंच रहे हैं तो वही आज महाशिवरात्रि पर शिव भक्त भी बड़ी संख्या में अयोध्या पहुंचे हैं। सरयू में स्नान कर अयोध्या के प्राचीन मंदिर नागेश्वरनाथ में भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक कर मिन्नत मांगते रहे। इस दौरान श्रद्धालु भोलेनाथ के लिए उत्साह पूर्वक भिन्न भिन्न लगाते रहे हैं। वही महाशिवरात्रि को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अयोध्या नगर में आने वाले प्रवेश मार्गों को बंद कर दिया गया जिससे किसी भी वाहन को अंदर प्रवेश नहीं मिल पाया। मंदिरों तक पहुंच रहे श्रद्धालुओं को लेकर सीसीटीवी विभाग ड्रोन कैमरे की मदद से निगरानी होती रही। दूरदराज से आए श्रद्धालुओं का मानना है कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण शुरू हो चुका है। जिसके लिए आज भगवान भोलेनाथ से यही कामना करते हैं कि देश में अमन और शांति से भगवान श्री राम का भव्य मंदिर का निर्माण हो। और कोई भी बाधा मंदिर निर्माण में ना आ सके।