निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने बूथों का किया निरीक्षण

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

अयोध्या। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत आलेख्य निर्वाचक नामावली का प्रकाशन दिनांक 06 जनवरी, 2026 को किया गया है। इस क्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पत्र संख्या-596/सी०ई०ओ०-4 दिनांक 19 फरवरी, 2026 द्वारा निर्गत निर्देशों के अनुपालन में आज दिनांक 22.02.2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। विशेष अभियान दिवस पर जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा उपस्थित रहकर आलेख्य निर्वाचक नामावली, अनुपस्थित/शिफ्टेड/मृतक/डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची, तार्किक विसंगतियों की सूची तथा फार्म-6 (घोषण पत्र सहित), फार्म-6ए, फार्म-7 एवं फार्म-8 के साथ आवश्यक कार्यवाही की गई।

समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के सभी मतदेय स्थलों का भ्रमण कर बूथ लेवल अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई तथा कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया गया।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अनिरुद्ध प्रताप सिंह द्वारा 275-अयोध्या विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने एम०एल०एम० इंटर कॉलेज (मतदेय स्थल संख्या-43, 44, 45, 46, 47), साहबदीन सीताराम बालिका इंटर कॉलेज (मतदेय स्थल संख्या-136 से 141), बापू बालिका इंटर कॉलेज (मतदेय स्थल संख्या-120 से 125) तथा श्याम सुंदर सरस्वती इंटर कॉलेज (मतदेय स्थल संख्या-126, 129, 142 से 147) का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित बीएलओ उपस्थित पाए गए।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटि संशोधन एवं अपात्र नामों के विलोपन की प्रक्रिया पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे विशेष अभियान का लाभ उठाकर निर्वाचक नामावली में अपने नाम की जांच कर आवश्यक प्रपत्र समय से जमा करें, ताकि शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।

इसे भी पढ़े  गुयाना के उप राष्ट्रपति डॉ. भारत जगदेव ने रामलला का किया दर्शन

तार्किक विसंगति वाले मतदाताओं को नहीं होना होगा परेशान, बूथ लेबल अधिकारी घर घर करेंगे सत्यापन

अयोध्या। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत तार्किक विसंगति वाले मतदाताओं के लिए सुनवाई प्रक्रिया को सरल, सुगम एवं समावेशी बना दिया गया है।

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी निखिल टी. फुडे ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तार्किक विसंगति वाले मतदाताओं को अनावश्यक रूप से परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे मतदाताओं के सत्यापन हेतु बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) स्वयं घर-घर जाकर नोटिस का वितरण करेंगे।
उन्होंने बताया कि बीएलओ द्वारा संबंधित मतदाता से नोटिस की पावती एवं आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर उन्हें बीएलओ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा। इसके उपरांत सुनवाई की संपूर्ण प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी तथा किसी भी मतदाता को सुनवाई स्थल पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं होगी।

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन नामावली की शुद्धता बनाए रखने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है, जिससे मतदाताओं को सुविधा मिले और प्रक्रिया पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण हो सके। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि उन्हें कोई नोटिस प्राप्त होता है तो वे बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि समयबद्ध रूप से कार्यवाही संपन्न हो सके।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya