-मौके पर आयी 152 शिकायतों में पांच का हुआ निस्तारण

सोहावल। सोमवार को सोहावल तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन डीएम टीकाराम फुंडे की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान अपनी शिकायतों को लेकर डेढ़ बजे तक फरियादी डीएम और एसएसपी का इंतजार बड़ी बेसब्री से करते रहे। जब डेढ़ बजे डीएम टीकाराम फुंडे व एस एस पी डा0 गौरव ग्रोवर सोहावल तहसील सभागार में पहुंचे।यहां फरियादियों की लंबी लाइन लग गई।
हालांकि इससे पहले अपनी वर्षों पुरानी और गम्भीर शिकायतों के निस्तारण की आस लिए दर्जनों की संख्या में एक बजे तक इंतजार के बाद फरियादी मायूस होकर वापस लौट गए। इसे मजह एक संयोग ही कहा जा सकता है कि विगत तीन वर्षों में रामजन्म भूमि पूजन से लेकर मंदिर निर्माण और ध्वजारोहण तक सोहावल में डीएम और एसएसपी फरियादियों को कम ही समय दे पा रहे हैं। इसलिए कभी डीएम की गैर मौजूदगी या फिर बिलंब से पहुंचने के कारण न्याय को लेकर फरियादियों को निराशा ही मिल रही है।
शनिवार को सार्वजनिक अवकाश के कारण संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिले के सभी तहसीलों में सोमवार को किया गया। इस दौरान सोहावल तहसील में दोपहर बाद डेढ़ बजे डीएम और एसएसपी एक साथ तहसील पहुंचे। तो फरियादियों की लंबी लाइन लग गई। इस दौरान भाकियू नेता फरीद अहमद ने रौनाही टोल प्लाजा के दोनों तरफ हाईवे की पटरी पर किए गए अतिक्रमण को हटाया जाए जिससे होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। एन एच ए आई को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।मंगरू दादा ने रौनाही पम्प कैनाल से बिना नीलामी के चोरी से काट लिए गए पेड़ के संबंध में शिकायती पत्र दिया। करेरू निवासी गुरुदत्त सिंह पुत्र भगवती सिंह ने अवैध अतिक्रमण हटाने के संबंध में शिकायती पत्र दिया। ग्राम धन्नीपुर निवासी रेखा पत्नी शिवधन एवं राम धन पुत्र राजेंद्र ने शिकायत किया कि गांव निवासी मुकेश कुमार यादव महिला के हाइवे से धन्नीपुर गांव को जाने वाली पक्की सड़क के किनारे गाटा संख्या 177 व गाटा संख्या 175 मिलाकर 0.052 हेक्टेयर बाइस लाख रुपए में खरीदने की बात तय किया।
इसके बाद रजिस्ट्री आफिस में सरकारी रेट पर बैनामा की लिखा पढ़ी कराई और क्रेता ने विक्रेता रेखा को तीन लाख व रामधन को दो लाख पंचान्नवे हजार का चेक दिया। इसके बाद संपूर्ण धनराशि देने में आनाकानी के साथ विधवा को बेवकूफ बनाकर फर्जी तरीके से बैनामा करवा लिया। प्रकरण को डीएम ने गंभीरता से लिए और प्रकरण की जांच एसडीएम सोहावल सुश्री सविता देवी को सौंप कर जांच और कार्रवाई का निर्देश दिया।अमराई गांव निवासी विवेक चौहान ने शिकायत किया कि सोहावल चौराहे पर स्थित साहू मेडिकल सेंटर पर चिकित्सकों की लापरवाही के चलते उसके पत्नी के गर्भ से बच्चा मृत पैदा हुआ। चिकित्सा सेंटर प्रभारी से शिकायत के बाद मृतका के पति से मारपीट की गई।
थाना और सीएमओ को शिकायती पत्र देने के बावजूद कोई कर्रवाई चिकित्सकों के खिलाफ नहीं हुई।यहां कुल 152 शिकायती पत्र आये।जिसमें मौके पर पांच शिकायतों का निस्तारण करवा दिया गया।शेष मामलों को निस्तारण के लिये सम्बन्धित को सौंपा गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सुशील कुमार बलियान, अधिशाषी अभियंता नहर सिंचाई रजनीश गौतम,एस डी एम सोहावल सविता देवी,तहसीलदार प्रदीप कुमार सिंह, सीओ सदर अरविंद सोनकर,बीडीओ सोहावल अनुपम वर्मा,नायब तहसीलदार रेशू जैन, सप्लाई इंस्पेक्टर पूजा सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी डा. अनीता सोनकर सहित रौनाही, कैंट और पूरा कलंदर थाना के प्रभारी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।