अयोध्या। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा. पी.एस. प्रमाणिक कृषि विश्वविद्यालय को प्रभारी कुलपति नियुक्त किया गया है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने आदेश पत्र जारी कर दिया है।
डा. प्रमाणिक नियमित कुलपति की नियुक्ति होने अथवा छह माह की अनाधिक अवधि अथवा अग्रिम आदेश तक के लिए आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति के दायित्वों का निर्वहन करेंगे। वे पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय के पशु उत्पादन एवं प्रबंधन विभाग के विभागाध्यक्ष होने के साथ-साथ अधिष्ठाता एवं कुलसचिव की भी अहम जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनकी क्षमता एवं कार्यकुशलता को देखते हुए राज्यपाल ने उन्हें कृषि विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति के रूप में नियुक्त किया है।
शनिवार को कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह ने अधिकारियों की मौजूदगी में अपना कार्यभार सौंप दिया है। कुलसचिव डा. पी.एस. प्रमाणिक ने कुलपति का प्रभार भी ग्रहण कर लिया है। कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह ने डा. राम मनोहर लोहिया अवध विवि के शैक्षणिक सत्र 2025-26 की परीक्षाएं कराने, समय से परिणाम घोषित करने एवं प्रशासनिक कार्यों की अति व्यस्तता के कारण 29 मार्च को त्याग पत्र दे दिया था। इस मौके पर विश्वविद्यालय के समस्त अधिष्ठाता, निदेशक, कुलपति के सचिव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।