डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान से नवाजे जायेंगे डाॅ. अशोक कुमार राय

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

अयोध्या। का.सु. साकेत स्नातकोत्तर महाविद्यालय अयोध्या के विधि विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डाॅ. अशोक कुमार राय को उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान लखनऊ का वर्ष 2018 का प्रतिष्ठित डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान/पुरस्कार उनकी पुस्तक “अन्तर्राष्ट्रीय संगठन: एक परिचय“ को प्रदान करने की घोषणा की गयी है। पुरस्कार की राशि 75000.00 रुपये है। शैक्षिक कीर्तिमान से सम्पन्न डाॅ. ए.के. राय साकेत महाविद्यालय में आने के पूर्व सन्त बिनोवा पीजी कालेज देवरिया में विधि विभाग में प्राध्यापक के रूप में कार्यरत रहे हैं। डाॅ. राय को एल-एल.बी. की परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने के फलस्वरूप गोरखपुर विश्वविद्यालय ने गोल्ड मेडल प्रदान किया। जिसके पश्चात् डाॅ. राय ने काशी हिन्दू विश्वविद्यालय वाराणसी से एल-एल.एम. की उपाधि प्रथम श्रेणी में प्राप्त की। इन्हें पी-एच.डी. की उपाधि समसामयिक विषय “मृत्युदण्ड की अवधारण“ पर प्रदान की गयी है। डाॅ. राय की राष्ट्रीय स्तर के पत्रिकाओं में लगभग दो दर्जन से अधिक शोध पत्र एवं दो विधि पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। दो अन्य विधि पुस्तकें प्रकाशनाधीन हैं। डाॅ. राय कुशीनगर जिले के तमकुहीं राज तहसील के एक संभ्रान्त भूमिहार परिवार के रहने वाले हैं। इनके पिता नेहरू इण्टर कालेज तरयासुजान, कुशीनगर में प्रधानाचार्य के रूप में कार्यरत थे। ये अपने पिता की कर्तव्यनिष्ठा, जुनून एवं अनुशासन को विकास का मूल मानते हैं। विद्यार्थी जीवन में डाॅ. राय न्यायिक अधिकारी बनना चाहते थे परन्तु उसमें अन्तिम रूप से सफल नहीं हो पाये। अब आप एक आदर्श शिक्षक बनकर समर्पित भाव से अच्छा विद्यार्थी तैयार करना चाहते हैं ताकि समाज में ईमानदारी, पारदर्शी व्यवस्था को प्रतिष्ठित किया जा सके। इनके ऊपर नेहरू इण्टर कालेज तरयासुजान के तीन शिक्षकों का विद्यार्थी जीवन में प्रभाव पड़ा जिसमें स्व. मंशा प्रसाद मिश्रा, श्री सुरेन्द्र पाण्डेय एवं श्री जितेन्द्र पाण्डेय थे। ये अपना आदर्श गोरखपुर विश्वविद्यालय के पूर्व विधि विभागाध्यक्ष एवं संविधान विशेषज्ञ प्रोफेसर उदयराज राय, प्रोफेसर ओ.पी. तिवारी, प्रोफेसर अनिरूद्ध प्रसाद एवं काशी हिन्दू विश्वविद्यालय वाराणसी विधि संकाय के पूर्व प्रोफेसर सी.एम. जरीवाला, पूर्व प्रोफेसर जी.पी. वर्मा एवं पूर्व प्रोफेसर एम.एन. हक को मानते हैं।
डाॅ. राय शहर के अमानीगंज कालोनी के निवासी हैं। डाॅ. राय के राज्यस्तरीय पुरस्कार से पुरस्कृत होने पर साकेत महाविद्यालय प्रबन्ध समिति के अध्यक्ष डाॅ. शैलेन्द्र मोहन प्रताप मिश्र, अवैतनिक मंत्री श्री दीप कृष्ण वर्मा एवं प्राचार्य डाॅ. अजय मोहन श्रीवास्तव, डाॅ. एस.पी. सिंह, डाॅ. अभय सिंह, डाॅ. वी.के. सिंह, डाॅ. बी.डी. द्विवेदी, डाॅ. ए.के. मिश्रा, डाॅ. त्रिभुवन शुक्ला, डाॅ. अनुराग मिश्र, डाॅ. अजय कुमार सिंह, डाॅ. परेश पाण्डेय, डाॅ. फौजदार यादव, डाॅ. डी.एन. सिंह, डाॅ. सुधीर राय आदि ने बधाई दी है और खुशी का इजहार करते हुए कहा है कि यह पुरस्कार डाॅ. राय के साथ-साथ महाविद्यालय के लिये भी अत्यन्त सम्मान की बात है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya