-बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर मांगीपुर में हुई जनसभा
रुदौली। बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर रुदौली विधानसभा के मांगीपुर में जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि पुरानी मान्यताओं में जो अच्छा हो उसे सम्हालकर रखना तथा जो अनावश्यक हो उसे हटना डा अम्बेडकर का अभीष्ट था। वह जानते थे कि भारतीय दर्शन के मौलिक सिद्धान्त बहुत उदात्त है। जो समस्त दर्शन मनुष्यों को समान मानता है। करुण, प्रेम, ममता, बन्धुत्व, दया, क्षमा आदि सद्गुणों का संदेश देता है। उसका संरक्षण भी आवश्यक है।
उन्होने बताया कि डा अम्बेडकर मानते थे कि समाज में बदलाव सहज नहीं होता है। इसके लिए कई पद्धतियों को अपनाना पड़ता है। भारत में इस स्थिति की गम्भीरता को देखते हुए संविधान के अनुच्छेद 14 से 18 में समानता का अधिकार का प्रावधान करते हुए समान अवसरों की बात उन्होने कही। उन्होने भारत के संविधान के अनुच्छेद 370 का विरोध किया। जिसको 70 वर्ष बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने समाप्त कर नया इतिहास रचा। हिन्दू कोड बिल के मसौदे को रोके जाने के बाद डा अम्बेडकर ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। जिसमें भारतीय महिलाओं को कई अधिकार दिये जाने की बात कही गयी थी। उन्होने एक ऐसे राज्य निर्माण की बात कही थी जहां सम्पूर्ण समाज शिक्षित हो। उनका मानना था कि शिक्षा ही व्यक्ति को अंधविश्वास व आडम्बर से दूर करती है।
विधायक रामचन्दर यादव ने कहा कि भाजपा समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलती है। गरीबों, शोषितों व वंचितों के उत्थान के प्रति सरकार की योजनाएं समर्पित है। यूपी में भय तथा अपराधमुक्त परिवेश का निर्माण किया गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के विचारों देश के प्रत्येक व्यक्ति को आत्मसात करना चाहिए। हमें भेदभाव रहित संगठित समाज का निर्माण करना चाहिए। राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का सकारात्मक रुप से निर्वाहन करने के साथ भारत के संविधान के अनुसार ही कार्य करना चाहिए। सकारात्मकता हमें विकास की ओर तथा नकारात्मकता पीछे ले जाती है।
इस अवसर पर जिला महामंत्री अशोक कसौधन, राघवेंद्र पाण्डेय, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष किशोरी लाल भारती, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष आलोक सिंह रोहित, जिला पंचायत सदस्य राम नेवल लोधी, ग्राम प्रधान सुमन पासवान, मंडल अध्यक्ष विजय शंकर शुक्ला, संतोष मिश्रा और कार्यकर्ता पदाधिकारी गण मौजूद रहे।