-स्वास्थ्य गुणवत्ता में लापरवाही स्वीकार नहीं : शशांक त्रिपाठी

अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने शुक्रवार को दर्शन नगर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण कर ओपीडी, आईसीयू सहित विभिन्न वार्डों की स्वास्थ्य गुणवत्ता देखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता तथा सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर एवं वार्डों का निरीक्षण करते हुए पाया कि कई स्थानों पर साफ-सफाई अपेक्षित स्तर की नहीं है। सफाई कार्य देखने वाली प्राइम क्लिनिक एजेंसी को उन्होंने कड़ी फटकार लगाई। इसी प्रकार कई वार्डों में बेड की चादरें भी अस्वच्छ, क्षतिग्रस्त एवं पुरानी पाई गईं,जिस पर उन्होंने लाउंड्री कार्य देखने वाली एजेंसी श्री एंटरप्राइजेज पर भी कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित एजेंसियों का भुगतान तत्काल प्रभाव से रोकने तथा दोनों एजेंसी को कारण बताओ नोटिस (स्पष्टीकरण) जारी करने के निर्देश दिए।
मरीजो से बातचीत कर स्वास्थ्य गुणवत्ता भी परखी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सकीय सुविधाओं, दवाओं और उपचार व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांची जाए : जिलाधिकारी
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के बाहर संचालित खाद्य सामग्री की दुकानों की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश खाद्य विभाग को दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को नियमित रूप से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का परीक्षण सुनिश्चित करने तथा मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अमित कुमार भट्ट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी देवेंद्र भिटौरिया, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आदित्य विक्रम अग्रवाल, डॉ. देवेंद्र सिंह भिटौरिया तथा मेडिकल कॉलेज प्रधानाचार्य डॉ. दिनेश सिंह मारतोलिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।