-उद्योगपतियों, व्यापारियों एवं होटल व होम स्टे के संचालकों के साथ डीएम ने की बैठक
अयोध्या। विकसित भारत @2047 की अवधारणा को साकार करने हेतु उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश को समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश @2047 तक विकसित प्रदेश बनाने का संकल्प लिया गया है। इस मिशन को दिशा प्रदान करने के लिए जनपद हेतु नामित प्रबुद्वजनों में सेवानिवृत्त आई.ए.एस. राजीव कपूर, सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ.रा.म. लो.अवध विश्वविद्यालय डॉ रामनयन राय एवं सेवानिवृत्त कृषि निदेशक डॉ. ए.पी. श्रीवास्तव का आज जनपद में आगमन हुआ।
विकसित भारत @2047 के तहत शासन से नामित प्रबुद्धजनों ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की उपस्थिति में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ विजन डॉक्यूमेट 03 थीम-अर्थ शक्ति, सृजन शक्ति, जीवन शक्ति एवं 12 सेक्टर-कृषि एवं सम्बद्ध, पशुधन संरक्षण, औद्योगिक विकास आई0टी0 एवं इमर्जिंग प्रौद्योगिक, पर्यटन, नगर एवं ग्राम्य विकास, अवस्थापना, संतुलित विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा सुरक्षा एवं सुशासन पर विगत 08 वर्षों में जनपद की विकास यात्रा के सम्बन्ध में अवगत कराते हुये जनपद के विकास हेतु रोड मैप पर विस्तृत चर्चा की गयी। नामित प्रबुद्धजन सेवानिवृत्त आई.ए.एस. श्री राजीव कपूर ने बताया कि शासन की मंशा के अनुसार प्रधानमंत्री की एक दूरदर्शी पहल विकसित भारत @2047’ के द्वारा भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र के रूप मे स्थापित करने के उद्देश्य से समावेशी विकास, तकनीकी नवाचार और सतत प्रगति के मिशन को आधारित किया गया है। जिलाधिकारी ने उक्त के दृष्टिगत जनपद स्तर के समस्त सम्बन्धित अधिकारियों से संवाद स्थापित किया गया जिससे समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश @2047 अभियान का सफलतापूर्वक आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
विकसित भारत @2047 के तहत शासन से नामित प्रबुद्धजनों ने 12 सेक्टर की जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक के पश्चात जनपद के उद्योगपतियों, व्यापारियों एवं होटल व होम स्टे के संचालकों के साथ बैठक करते हुये विकास के लिए किये जाने वाले सुझावों पर समीक्षा की गयी। बैठक में उद्योगपतियों, व्यापारियों तथा होम स्टे संचालकों द्वारा आ रही समस्याओं व परेशानियों की जानकारी देते हुये सुझाव को प्रकाशमय किया गया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष अयोध्या विकास प्राधिकरण अश्विनी कुमार पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील कुमार, उप निदेशक कृषि, अधीक्षक राजकीय उद्यान, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप निदेशक पर्यटन, जिला विकास अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।