कार्तिक पूर्णिमा स्नान को उमडे श्रद्धालु

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-चंद्रग्रहण के चलते आज सुबह 8 बजे तक रामलला सहित अन्य मंदिरों में होंगे दर्शन

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में कार्तिक पूर्णिमा स्नान सोमवार दोपहर 3ः37 बजे से शुरू हो गया जो मंगलवार की दोपहर 3ः33 बजे तक चलेगा। मंगलवार को चंद्र ग्रहण और उसका सूतक लगने के कारण सरयू स्नान के सुबह से ही भीड़ का दबाव रहेगा। भीड़ को देखते हुए अयोध्या धाम में रूट डायवर्जन 7 नवंबर को दोपहर 12 से आरंभ होकर पूर्णिमा स्नान की समाप्ति तक अगले दिन शाम तक रहेगी। वहीं कार्तिक पूर्णिमा स्नान को सकुशल कराने के लिए मेला क्षेत्र को पांच जोन में बांटा गया है। प्रथम घाट जोन, द्वितीय नागेश्वरनाथ जोन, तृतीय हनुमानगढ़ी जोन, चतुर्थ कनक भवन जोन, पंचम यातायात/भीड़ नियंत्रण जोन।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि 8 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा है संयोग वश इसी दौरान ही चंद्र ग्रहण भी है। अतः श्री राम जन्मभूमि पर भगवान राम लला के दर्शन 8 नवंबर को प्रातः काल 8ः00 बजे तक होंगे। तत्पश्चात ग्रहण का सूतक काल प्रारंभ हो जाएगा अतः दर्शन बंद हो जाएंगे, सायंकाल ग्रहण समाप्ति के पश्चात दर्शन रात्रि 7ः00 बजे से पुनः प्रारंभ होंगे और नित्य के समान रात्रि 8ः00 बजे आरती होगी। उन्होंने बताया कि रामलला के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास महाराज से वार्ता के पश्चात सभी भक्तों को यह सूचना दी जा रही है।

दरअसल 8 नवम्बर को चन्द्रग्रहण लग रहा है। चन्द्रग्रहण की शुरूआत/स्पर्श सायं 5ः10 बजे से प्रारम्भ होगा तथा चन्द्रग्रहण का मोक्ष सायं 6ः19 बजे होगा। ज्योतिष शास्त्र एवं पंचांग के अनुसार चन्द्र ग्रहण प्रारम्भ होने के 9 घंटा पूर्व से सूतक काल लग जाता है इसलिए अयोध्या के प्रमुख मंदिर 8 नवम्बर 2022 को प्रातः 8ः10 बजे से सूतक काल प्रारम्भ होने से कपाट बन्द हो जायेंगे। उक्त अवधि में दर्शन बन्द रहेगा तथा ग्रहण समाप्त होने के बाद से पुनः मंदिर के कपाट खुल जायेंगे। आम श्रद्वालुओं के दर्शन आदि के लिए अयोध्या के मंदिरों के लिए जिला प्रशासन द्वारा अनुरोध किया गया है कि कार्तिक पूर्णिमा के स्नान/ग्रहण को देखते हुये मंदिरों के कपाट सामान्य समय से अपनी सुविधानुसार पूर्व में खोल दिया जाय। इसके क्रम में अन्य मंदिरों के कपाट सामान्य दर्शन अवधि से पूर्व में खोले जा रहे है, जिसमें आम श्रद्वालु दर्शन कर सकते है।

इसे भी पढ़े  मत्स्य पालन से जुड़कर महिलाएं बन रहीं सशक्त : डॉ. बिजेंद्र सिंह

अयोध्या के प्रसिद्व मंदिर नागेश्वर नाथ कपाट प्रातः 4 बजे के स्थान पर आज मध्य रात्रि के बाद लगभग 1ः30 बजे से खोल दिया जायेगा। आम श्रद्वालु अन्य मंदिरों का भी ग्रहण सूतक काल के पूर्व 8 बजे तक दर्शन कर अपने-अपने क्षेत्र/निवास के लिए प्रस्थान कर सकते है। इस कार्य हेतु सेक्टर मजिस्ट्रेट/सेक्टर पुलिस अधिकारियों से आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया है। मेला अवधि में अन्तर्राष्ट्रीय राम कथा संग्रहालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित है तथा पूर्ण रूप से सक्रिय है। जिसका नम्बर 05278-232046 ,232047,232044 ,232043 तथा मोबाइल नम्बर 9120989195 एवं वरिष्ठ मेला सहायक कौशल किशोर 9453150223 है।

जिलाधिकारी नितीश कुमार ने सबको पूर्णिमा मेला सम्पन्न कराने हेतु आहवान किया तथा कहा कि विद्युत विभाग 24 घंटा विद्युत आपूर्ति बनाये रखना सुनिश्चित करें इसके लिए अधीक्षण/अधिशाषी अभियन्ता पूरी अपनी टीम के साथ सक्रिय रहे। नगर निगम के अधिकारी भी साफ सफाई पर विशेष ध्यान दें तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मेले को सम्पन्न कराने में पूरी सक्रियता से अपनी भूमिका निभायें।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya