– मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित हुआ वेबिनार
अयोध्या। डॉ0 राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला अध्ययन केंद्र तथा वीमेन ग्रीवेंस एण्ड वेलफेयर सेल द्वारा महिलाओं का मानसिक स्वास्थ्य चुनौतियां एवं रणनीति विषय पर 09 अक्टूबर, 2021 को वेबिनार का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ० आकाँक्षी श्रीवास्तव, मनोविज्ञान विभाग, वसन्ता कॉलेज फॉर वूमेन, वाराणसी ने महिलाओं में होने वाले मानसिक अवसाद के कारणों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह स्थिति महिलाओं में अधिक देखने को मिलती है। महिलाओं के मानसिक स्थिति का प्रभाव गर्भ में पल रहे शिशुओं के पर भी पड़ता है।
गर्भपात या बच्चों में शारीरिक कमियाँ भी मानसिक अवसाद के कारण ही उत्पन्न होते है। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में बालकों की अपेक्षा आज भी बालिकाओं को प्राथमिकतायें नहीं मिल पाती है। इसका प्रमुख कारण महिलाओं का सहनशील होना है। संस्कार के नाम पर महिलाओं के ऊपर पारिवारिक एवं सामाजिक दायित्वों के कारण ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। जो समाज में एक समान रूप से रहने के लिए बनाये जाने की आवश्यकता है।
सेल की समन्यवक प्रो० तुहिना वर्मा ने सभी का स्वागत करते हुये कहा कि सरकार के निर्देशानुसार एवं कुलपति प्रो0 रविशंकर सिंह के मार्ग-दर्शन में मिशन शक्ति अभियान संचालित किया जा रहा है। इससे महिलाओं में जागरूकता लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं मानसिक रूप से स्वस्थ रहेंगी तभी वह समाज में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर पायेंगी। कार्यक्रम में प्रो० तुहिना ने सभी को बालिका सुरक्षा की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन डॉ० सरिता द्विवेदी ने किया।
धन्यवाद ज्ञापन डॉ० प्रतिभा त्रिपाठी द्वारा किया गया। तकनीकी सहयोग ई० राजीव यादव व डॉ० महिमा चौरसिया ने किया। इस अवसर पर प्रो० राजकुमार तिवारी, प्रो० गंगा कुमार मिश्रा, डॉ० दिनेश कुमार सिंह, डॉ० सिन्धू सिंह, डॉ० स्नेहा पटेल सहित शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं आनलाइन जुड़ी रही।