हैरिंग्टनगंज का नाम बदलने व नगर पंचायत बनाने की मांग

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-विधायक चंद्रभानु पासवान ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात

मिल्कीपुर। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक चंद्रभानु पासवान ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने हैरिंग्टनगंज का नाम बदलने, उसे नगर पंचायत का दर्जा देने, बिजली आपूर्ति में सुधार तथा सड़कों के विकास से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

विधायक चंद्रभानु पासवान ने बताया कि मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान 24 जनवरी 2025 को आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं हैरिंग्टनगंज का नाम बदलने की घोषणा की थी। उस समय मुख्यमंत्री ने कहा था कि देश को गुलामी की निशानियों से मुक्त करना आवश्यक है और ऐसे नामों को बदला जाना चाहिए जो भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को दर्शाते हों।

विधायक ने मुख्यमंत्री को दिए गए पत्र में अवगत कराया कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से हैरिंग्टनगंज का नाम बदलकर स्वामी बामदेव नगर अथवा विष्णु नगर किए जाने की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि यह मांग आम जनमानस की भावना से जुड़ी हुई है और इससे क्षेत्र की पहचान को नई दिशा मिलेगी।

इसके साथ ही विधायक ने मुख्यमंत्री से यह भी आग्रह किया कि हैरिंग्टनगंज क्षेत्र की बढ़ती आबादी और विकास की संभावनाओं को देखते हुए इसे नगर पंचायत का दर्जा दिया जाए। नगर पंचायत बनने से क्षेत्र में सड़क, नाली, सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास को गति मिलेगी।

विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की स्थिति और सड़कों के निर्माण व मरम्मत को लेकर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि कई ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को और बेहतर बनाने तथा प्रमुख मार्गों की सड़कों को दुरुस्त कराने की आवश्यकता है, जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

इसे भी पढ़े  सहफसली खेती अपनाकर अपनी आय बढ़ायें किसान : बलदेव सिंह औलख

रविवार शाम को जानकारी देते हुए विधायक चंद्रभानु पासवान ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya