कम्पनी गार्डन का नाम सुभाष उद्यान करने की हुई मांग

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

अयोध्या। सुभाषचन्द्र बोस राष्ट्रीय विचार केन्द्र के अध्यक्ष शक्ति सिंह ने प्रदेश के उद्यान मंत्री से नेताजी की 125वीं जयन्ती के अवसर पर गुप्तारघाट स्थित कम्पनी गार्डन का नाम नेताजी के नाम पर किये जाने की मांग की है। श्री सिंह ने इस बावत नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्त के साथ मंत्री को पत्र भी सौंपा है। पत्र में कहा गया है कि कम्पनी गार्डन शब्द निरन्तर पराधीनता का स्मरण कराता है, इसलिये गार्डन का नाम सुभाष उद्यान करने के साथ ही नेताजी सुभाषचन्द्र बोस की भव्य प्रतिमा भी लगवायी जाये। इससे युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। श्री सिंह के समर्थन में नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्त ने मंत्री से स्वयं मिलकर चर्चा की। इसके बाद मंत्री श्रीराम चौहान ने जिलाधिकारी अयोध्या से इस बावत प्रस्ताव मांगा है। ज्ञात हो कि नेताजी सुभाषचन्द्र बोस माने जाने वाले गुमनामी बाबा का अन्तिम संस्कार गुप्तारघाट पर ही किया गया था और गुमनामी बाबा की समाधि स्थल भी गुप्ताघाट पर ही है। गुमनामी बाबा की मृत्यु 16 सितम्बर वर्ष 1985 में हुई थी। वे जनवरी माह में वर्ष 1983 में रामभवन में रहने के लिए आये थे। गुमनामी बाबा से जुड़ी वस्तुओं को उच्च न्यायालय ने संग्रहालय में रखने का आदेश दिया है। विचारकेन्द्र के अध्यक्ष शक्ति सिंह का कहना है कि कम्पनी गार्डन में नेताजी की प्रतिमा लगाने व नामकरण सुभाष उद्यान करने से युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा और साथ ही साथ नगर के प्रमुख पर्यटन केन्द्र का नाम नेताजी के नाम से करने पर यहां आने वाले लोग उनके त्यागमय जीवन, व्यक्तित्व एवं कृतित्व से प्रेरणा लेंगे। श्री सिंह ने यह भी कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा मनाये जा रहे नेताजी सुभाषचन्द्र बोस के 125वें जन्मदिवस के अवसर पर कम्पनी गार्डन का नाम सुभाष उद्यान रखना अयोध्या के लिए एक बड़ी सौगात होगी।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya