दो सगे भाइयों का बंद कमरे में मिला शव

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

किराये के मकान में 70 साल से रह रहा था सरदार का परिवार

अयोध्या। नगर कोतवाली क्षेत्र के फतेहगंज चौकी अंतर्गत गणेश नगर, मकबरा पर किराए के मकान में रहने वाले दो सगे भाइयों की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर दोनों शव को बाहर निकाला और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार शहर के नाका क्षेत्र स्थित गणेश नगर, मकबरा में किराए के मकान में रिटायर पेशकार बलवंत सिंह अपने पुत्र जसवीर सिंह 60 साल और करतार सिंह उर्फ पप्पू 40 साल के साथ रहते थे। दोनों भाई अविवाहित थे। छोटा भाई करतार लंबे समय से बीमार चल रहा था। दोनों भाई एक ही कमरे में रहते थे। बुधवार को सुबह जब पिता बलवंत सिंह ने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद पड़ोसियों को सूचना दी गई। पड़ोसियों की मशक्कत के बाद जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस को सूचित किया गया। सीओ सिटी अरविंद चौरसिया के निर्देशन में मौके पर पहुंचकर फतेहगंज चौकी इंचार्ज नवनीत यादव ने मोहल्ले के वासियों के साथ दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो देखा दोनों भाई मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़े हैं। दोनों को कब्जे में लेकर पुलिस जिला अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी अरविंद चौरसिया ने बताया कि दोनों सगे भाइयों की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह पता चल सकेगी। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रत्येक बिंदु की जांच पड़ताल कर रही है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya