जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने का कांग्रेस ने किया विरोध

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-मुख्य अभियंता, विद्युत विभाग को ज्ञापन सौंपकर कार्यवाही की मांग

अयोध्या। जनपद में विद्युत विभाग द्वारा जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने एवं पोस्टपेड कनेक्शन को बिना सहमति प्रीपेड में परिवर्तित किए जाने तथा बिना पूर्व सूचना के विद्युत कनेक्शन काटे जाने के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। इस संबंध में मुख्य अभियंता, विद्युत विभाग को ज्ञापन सौंपकर जनहित में आवश्यक कार्यवाही की मांग की गई है।

जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि उपभोक्ताओं की अनुमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जो पूर्णतः अनुचित है। साथ ही, पोस्टपेड कनेक्शन को जबरन प्रीपेड में बदल दिया गया है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में स्थिति यह है कि मात्र 50 पैसे बैलेंस कम होने पर भी उपभोक्ताओं का विद्युत कनेक्शन तत्काल काट दिया जा रहा है, जिससे परिवारों में असुविधा एवं असुरक्षा का माहौल बन रहा है।

उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग की यह तानाशाही नीति बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। बिना सहमति के स्मार्ट मीटर लगाना और कनेक्शन बदलना जनता के अधिकारों का हनन है। कांग्रेस पार्टी आम जनता के साथ खड़ी है और जरूरत पड़ी तो आंदोलन किया जाएगा। महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा किउपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर सही रूप से अपडेट नहीं हैं, जिससे उन्हें पूर्व सूचना प्राप्त नहीं हो पाती।

अतः सभी उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर अपडेट करने के बाद ही इस व्यवस्था को लागू किया जाए। प्रीपेड अथवा पोस्टपेड कनेक्शन का चयन करना उपभोक्ता का अधिकार है, न कि विद्युत विभाग का। विभाग द्वारा इस प्रकार का निर्णय थोपना उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन है। पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह तथा पीसीसी सदस्य राम अवध पासी ने कहा कि उपभोक्ताओं को डिजिटल भुगतान का ज्ञान नहीं है, उन्हें बिल जमा करने में कठिनाई हो रही है। अतः कम से कम 1000 रूपये तक का नेगेटिव बैलेंस होने के बाद ही कनेक्शन काटा जाए तथा कनेक्शन काटने से पहले 15 दिन का लिखित नोटिस देना अनिवार्य किया जाए।

इसे भी पढ़े  उद्योगपति गौतम अडानी ने परिवार के साथ किया रामलला का दर्शन

जिला प्रवक्ता शीतला पाठक के अनुसार ज्ञापन देते समय प्रमुख रूप से पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, पूर्व पार्षद जनार्दन मिश्रा, सेवादल जिला अध्यक्ष फ्लावर नकवी,सेवादल महानगर अध्यक्ष बसंत मिश्रा डॉक्टर विनोद गुप्ता, उमेश उपाध्याय, राम अवध पासी, जिओ हैदर, विवेक प्रताप शर्मा, कल्लू शर्मा, मोहम्मद आरिफ, अशोक कुमार राय, देव कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya