-जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सीएमआईएस पोर्टल पर फीड परियोजनाओं के प्रगति की समीक्षा बैठक संपन्न
अयोध्या। जिलाधिकारी निखिल टीकराम फुंडे की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह की सह-अध्यक्षता में माह जनवरी 2026 की सीएमआईएस पोर्टल पर फीड परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न विकासपरक एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान क्रीड़ा संकुल, एकेडमी ब्लॉक (तारुन, माया, बीकापुर), मंडी परिषद परियोजनाएं, परिक्रमा मार्ग, पक्के नाले व तालाब निर्माण, गौशाला, घाटों के सुंदरीकरण, सरयू रिवर फ्रंट, संग्रहालय, छात्रावास, आवासीय एवं शैक्षिक भवन, स्वास्थ्य भवन, पेयजल योजनाएं, पंप व सोलर पैनल, एसटीपी, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, सड़क निर्माण, ब्रिज निर्माण, नगर विकास कार्य, पार्किंग, सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास सहित अन्य विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी विभागाध्यक्ष अपनी-अपनी परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति समयबद्ध रूप से सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज करना सुनिश्चित करें तथा आंकड़ों की शुद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखें। जिन परियोजनाओं का कार्य अंतिम चरण में है उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि जनसामान्य को योजनाओं का लाभ समय से प्राप्त हो सके।साथ ही पोर्टल पर जनपद की रैंकिंग में सुधार हो सके।
समीक्षा के दौरान जिन परियोजनाओं की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, उनके संबंध में संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने, बाधाओं को तत्काल दूर करने तथा निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।