-साढ़े 4 घंटे से ज्यादा के दौरे में ट्रस्ट अध्यक्ष से भी मिले
अयोध्या। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राम जन्मभूमि परिसर में विराजमान रामलला और पौराणिक पीठ हनुमानगढ़ी में बजरंगबली का दर्शन पूजन किया। राम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा को लेकर सुरक्षा समिति के साथ बैठक की ओर विकास कार्यों की समीक्षा की। साढ़े 4 घंटे से ज्यादा के दौरे में मुख्यमंत्री ने आश्रम जाकर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष का कुशल क्षेम जाना।
राम कथा पार्क से रवाना हुए रामलला के दरबार
-जनपद दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का राजकीय हेलीकॉप्टर सरयू किनारे राम कथा पार्क स्थित अस्थाई हेलीपैड पर उतरा और यहां से वह सीधे राम जन्मभूमि परिसर रवाना हो गए। राम जन्मभूमि परिसर पहुंच उन्होंने बुलेट प्रूफ सी से युक्त अस्थाई मंदिर में विराजमान रामलला का दर्शन पूजन किया। दर्शन पूजन के बाद राम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर निर्माण को लेकर नींव निर्माण के लिए चल रही कवायद को देखा और निर्माण कार्य से जुड़े विशेषज्ञों तथा प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से प्रस्तावित कार्य योजना तथा परिसर के विकास की विस्तार से जानकारी ली और नक्शा भी देखा। सुरक्षा समिति के साथ परिसर की सुरक्षा की समीक्षा और प्रस्तावित योजना पर विचार-विमर्श के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पौराणिक पीठ हनुमानगढ़ी पहुंच बजरंगबली का दर्शन पूजन किया। मणिराम दास की छावनी पहुंच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष और छावनी के महंत नृत्य गोपाल दास का कुशल क्षेम जाना और उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना की। श्री राम कोरोना से पीड़ित होने के बाद उपचार के बाद डॉक्टरों के सुझाव पर अपने ही आश्रम में स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। राम नगरी अयोध्या में लगभग साढ़े 4 घंटे से ज्यादा समय व्यतीत करने के बाद सीएम योगी हवाई मार्ग से वाराणसी के लिए रवाना हो गए।