-सोहावल विकासखंड मुख्यालय पर विधायक के पिता की मूर्ति का करेंगे अनावरण

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या दौरे पर रहेंगे। वह जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर विकासखंड सोहावल मुख्यालय सुबह 10:40 बजे पहुंचेंगे। इस दौरान वह बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमित सिंह चौहान के पिता स्वर्गीय मुन्ना सिंह चौहान की मूर्ति का अनावरण करेंगे। साथ ही क्षेत्र में विकास को नई गति देने वाली 432 करोड़ 70 लाख 9 हजार रुपये की कुल 217 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। तथा जनसभा को संबोधित करेंगे। तैयारियां अंतिम चरण में हैं। दोपहर 12 बजे वे बस्ती के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस दौरे को बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास का मील का पत्थर माना जा रहा है। कुल 432 करोड़ 70 लाख 9 हजार रुपये की परियोजनाओं में 269 करोड़ 39 लाख 22 हजार रुपये की 131 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा, जबकि 163 करोड़ 30 लाख 87 हजार रुपये की 86 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। इन परियोजनाओं में पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन, कौशल विकास और ग्रामीण आधारभूत संरचना से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
शिलान्यास की जाने वाली प्रमुख परियोजनाओ में वृहद गो संरक्षण केंद्र (मऊ, तहसील बीकापुर) का निर्माण कार्य, नगर पंचायत बीकापुर की पेयजल एवं गृह संयोजन योजना, नगर पंचायत सुचितागंज (खिरौनी) पेयजल एवं गृह संयोजन योजना शामिल हैं। इसके अलावा एकीकृत विकास योजना के तहत विकास खंड सोहावल के ग्राम सुरवारी में सामुदायिक केंद्र भवन का निर्माण, कम्पोजिट विद्यालय अर्थर (सोहावल) का उच्चीकरण एवं आधुनिकीकरण, विकास खंड तारून के ग्राम रामपुर प्रताप में सामुदायिक केंद्र भवन का निर्माण भी शामिल है।
राजकीय महिला पॉलिटेक्निक अयोध्या और राजकीय पॉलिटेक्निक अयोध्या में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापना से संबंधित आवश्यक निर्माण कार्य भी शिलान्यास की सूची में हैं। इन परियोजनाओं से स्थानीय युवाओं को कौशल विकास के बेहतर अवसर मिलेंगे और क्षेत्र की आर्थिक प्रगति को बल मिलेगा।
यह परियोजनाएं होंगी लोकार्पित
लोकार्पण की 86 परियोजनाओं में सड़क निर्माण, पुल-पुलिया, जल निकासी, बिजली व्यवस्था, स्वास्थ्य केंद्रों का उन्नयन और ग्रामीण विकास से जुड़े अनेक कार्य शामिल हैं। बता दें कि बीकापुर में जनपदीय ड्राइवर हाउस का निर्माण कार्य, राजकीय महाविद्यालय का निर्माण कार्य, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय बरवा, मसौधा में ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण कार्य, अयोध्या– सुल्तानपुर मार्ग पर गेट कॉम्प्लेक्स (टीएफसीसी) के निर्माण कार्य, नगर पंचायत खिरौनी सूचितगंज सोहावल का पर्यटन विकास कार्य, विकास खण्ड मसौधा के ग्राम अवानपुर सरोहा में ग्रामीण पर्यटन थीमेटिक गेट एवं पर्यटन सुविधा केन्द्र का निर्माण कार्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोहावल में आधुनिक कार्यशाला, प्रशिक्षण केन्द्र, इत्यादि का निर्माण कार्य,
जनपद अयोध्या में रा०मा०-28 किमी-93 मी० किनारे स्थित पुराने डाक बंगले परिसर में 20 सूट कक्ष के निरीक्षण गृह एवं 60 से 70 व्यक्तियों हेतु मीटिंग हॉल का निर्माण आदि कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। यातायात प्रबंधन के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम की सफलता के लिए जुटे हुए हैं। यह दौरा न केवल बीकापुर क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा, बल्कि अयोध्या को समग्र रूप से विकसित करने की योगी सरकार की प्रतिबद्धता को भी दोहराएगा।