-मामले में अदालत के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी
अयोध्या। जिला अदालत में वेतन और एरियर के नाम पर हुए 65 लाख के गबन मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के सहायक वेतन लिपिक को गिरफ्तार किया है। मामले में अदालत के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
नगर कोतवाल अश्विनी पांडेय ने बताया कि दर्ज मामले में पुलिस ने सर्किट हॉउस के पास रामपथ किनारे से शहर के लालबाग पानी की टंकी निवासी सहायक वेतन लिपिक पीयूष श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया है। मेडिकल परीक्षण करवा आरोपी का चालान किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में जनपद न्यायालय के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी एजाज अहमद का आरोप था कि मुख्य कोषाधिकारी की ओर से भेजे गए पत्र में कर्मी हृदयराम (फर्राश) के वेतन से अधिक आटो पे-बिल में एरियर व अन्य जोड़ अप्रैल 22 से दिसंबर 25 तक कुल 64 लाख 95 हजार 504 रुपए का अधिक आहरण होने की बात कही गई।
जांच में पता चला कि वेतन अनुभाग में तैनात लिपिक अनुराग दुबे एवं सहायक वेतन लिपिक संतोष को धोखे में रखकर पीयूष ने फर्जी एवं कूटरचित बिलों को अपने निजी लैपटाप पर बनाया और पेन ड्राइव में प्रिंट करवाया। इसके बाद निलंबन की कार्रवाई की गई। मामले में धोखाधड़ी,कूटरचना और सरकारी धन के गबन की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।