नगर निगम के आधार भूत ढ़ाचे में परिवर्तन हेतु व्यवस्थाओं का राज्यमंत्री ने लिया जायजा
नये हैण्डपम्प लगाने व पुराने हैण्डपम्प के रिबोर हेतु खर्च किये जायेंगे 50 लाख
फैजाबाद। दीपोत्सव के पूर्व नगर निगम अयोध्या के आधार भूत ढ़ाचे में आवश्यक परिवर्तन करने तथा वर्तमान व्यवस्थाओं का जायजा लेने नगर विकास राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव अचानक सर्किट हाउस पहुंचे। जिलाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल व नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक करके उन्होने विकास का खाका तैयार किया। विलम्ब से पहुंचने पर परियोजना अधिकारी डूडा को राज्यमंत्री ने फटकार लगायी।
नगर विकास राज्यमंत्री गिरीश चंद यादव ने कहा कि पेयजल व्यवस्था हेतु नये हैण्डपम्प लगाने व पुराने हैण्डपम्प को रिबोर करने के लिए 50 लाख खर्च किये जायेंगे। निगम के अधिकारी इसके लिए जिलाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल से आवश्यकतानुसार सम्पर्क करके इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित करें। स्वच्छता के सभी मानको को पूरा करना व नगर निगम को स्वच्छ व सुन्दर बनाना पहली प्राथमिकता है। उन्होने कहा कि बरसात से पूर्व नगर निगम क्षेत्र के सभी नालों की सफाई हो जाना चाहिए। जिससे नगर में जलभराव की समस्या से जनता को न जूझना पड़े। इस कार्य को प्राथमिकता के तौर पर क्रियान्वित करें। उन्होने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि नालों व नगर निगम की जमीन पर अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। अभियान चलाकर नाले व नगरनिगम की जमीन पर कब्जा धारकों को तत्काल हटाया जाय तथा बराबर इसकी मानीटरिंग भी किया जाय। उन्होने कहा कि हर वार्ड में एक बोर्ड लगाया जाय जिसमें वहां तैनात सफाई नायक व सफाई कर्मचारियों का नाम व मोबाइल नम्बर अंकित हो। अगर कहीं सफाई कर्मी ठीक तरह से काम न कर रहे हो अथवा गंदगी का अम्बार लगा हो तो उसकी मोबाईल से रिकाडिंग बनाकर नगर निगम में शिकायत करें। उन्होने कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था की भी समीक्षा की। इस अवसर पर नगर आयुक्त आरएस गुप्ता, अपर आयुक्त सचिदानंद सिंह, जिला मीडिया प्रभारी दिवाकर सिंह, बिजेन्द्र जायसवाल, रोहित पाण्डेय मौजूद रहे।