अब सिविल लाइन्स की शाम लजीज व्यंजनों से होगी चटख

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-एक करोड़ में तैयार हो रहा है वेंडिंग जोन, बनेंगी 30 दुकानें, रामनगरी में पर्यटकों को मिलेगा देश भर के व्यंजनों का स्वाद

अयोध्या। राजधानी लखनऊ की तरह अयोध्या की शाम भी अब रोशन होगी। लजीज व्यंजनों से चटख होगी। तरह-तरह के जायके आपको देश के विभिन्न व्यंजनों की याद दिला देंगे। इसके लिए एक करोड़ रुपये खर्च कर सिविल लाइन्स में बेहतरीन व्यवस्था की जा रही है। भाजपा कार्यालय के निकट वेंडिंग जोन में लोग तरह-तरह के व्यंजनों का लुत्फ उठा सकेंगे। भव्य मंदिर में रामलला के विराजमान होने के बाद अयोध्या में देश-विदेश में अयोध्या की कीर्ति फैल गई है।

अपने आराध्य के दर्शन के लिए रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। वे न सिर्फ श्रद्धा निवेदित कर रहे हैं बल्कि अयोध्या में घूम-ठहर भी रहे हैं। यह देखते हुए योगी सरकार ने यहां पहले से ही लॉजिंग-फूडिंग के विश्व स्तरीय इंतजाम करा दिए हैं। बड़े-बड़े होटल व रेस्टोरेंट खुल चुके हैं। अभी तक ऐसा सिर्फ बनारस या लखनऊ में ही दिखता था, लेकिन अब अयोध्या में भी इस तरह के वेंडिंग जोन का इंतजाम किया जा रहा है। नगर आयुक्त संतोष शर्मा ने बताया कि निर्माण विभाग वेंडिंग जोन को बनवा रहा है। इस माह के अंत तक निर्माण पूरा हो जाएगा।

वेंडिंग जोन में हैं 30 दुकानें

भाजपा कार्यालय के निकट बन रहे वेंडिंग जोन में 30 दुकानें रहेंगी। यह टीन शेड रहेंगी। सभी दुकानों का साइज एक ही रहेगा। नगर निगम यहां साफ-सफाई के साथ शौचालय व पेयजल का भी इंतजाम कराएगा। हालांकि इनसे सिर्फ यूजर चार्ज ही लिया जाएगा।

इसे भी पढ़े  कंपोजिट विद्यालय गंजा के 200 बच्चों का भविष्य अधर में, ग्रामीणों में आक्रोश

20 से अधिक वेंडिंग जोन बनने हैं

नगर क्षेत्र में जगह-जगह सड़कों पर दुकानें चल रही हैं। उन्हें एक जगह लगाया जाएगा। इसके लिए नगर निगम क्षेत्र में 17 जगहों पर वेंडिंग जोन बनाया जाएगा, जिसमें ठेला-रेहड़ी वाले एक जगह खड़े हो सकेंगे। एक ही छत के नीचे साग-सब्जी व अन्य सामान मिल जाया करेगा।

साउथ इंडियन के साथ चाइनीज फूड भी

वेंडिंग जोन में सिर्फ खान-पान ही दुकानें रहेंगी। इसमें उन्हीं कारीगारो को स्थान दिया जाएगा, जिन्हें सभी व्यंजन, जैसे साउथ, नार्थ इंडियन व चाइनीज फ़ूड बनाने का अनुभव होगा। इसके अलावा दही भल्ले, चाट, बताशों की भी दुकानें सजेंगी।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya