-अधीक्षक व वरिष्ठ सर्जन डॉ. फ़ातिमा हसन रिज़वी के नेतृत्व में जटिल माने जाने वाले तीसरे सीज़र ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया
अयोध्या। ग्रामीण अंचल की सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को नई पहचान दिलाते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली ने एक बार फिर अपनी चिकित्सकीय दक्षता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया है। सीएचसी रुदौली में तैनात अधीक्षक एवं वरिष्ठ सर्जन डॉ. फ़ातिमा हसन रिज़वी के नेतृत्व में जटिल माने जाने वाले तीसरे सीज़र ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया, जिसमें मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पत्रकार अनिल पांडेय की पत्नी को प्रसव पीड़ा के चलते सीएचसी रुदौली में भर्ती कराया गया था। पूर्व में दो बार सीज़र ऑपरेशन हो चुका होने के कारण यह मामला चिकित्सकीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जा रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों की टीम ने सभी आवश्यक चिकित्सकीय जांच,एहतियाती तैयारियों और विशेषज्ञ परामर्श के बाद ऑपरेशन का निर्णय लिया।
अधीक्षक डॉ. फ़ातिमा हसन रिज़वी ने बताया कि तीसरा सीज़र ऑपरेशन चिकित्सकीय रूप से चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन समय पर लिए गए सही निर्णय,अनुभवी चिकित्सकीय टीम और आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता के कारण ऑपरेशन पूरी तरह सुरक्षित रहा।वही पत्रकार अनिल पाण्डेय ने सीएचसी व मुझ पर भरोसा जताया,जिसका परिणाम बहुत ही अच्छा रहा,उन्होंने कहा कि सीएचसी रुदौली में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और हर प्रसव को पूरी सतर्कता के साथ संपन्न कराया जाता है। ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया विशेषज्ञ, नर्सिंग स्टाफ एवं पैरामेडिकल कर्मियों की भूमिका भी सराहनीय रही। बेहतर समन्वय और सतर्क निगरानी के चलते किसी प्रकार की जटिलता सामने नहीं आई। प्रसव के बाद मां और नवजात को विशेष देखरेख में रखा गया है, दोनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी अयोध्या डॉ. सुशील कुमार बानियान ने सीएचसी रुदौली की चिकित्सकीय टीम की खुले शब्दों में सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता जिले की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूती को दर्शाती है। सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुरक्षित,सुलभ और गुणवत्तापूर्ण प्रसव सेवाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। ऐसे उदाहरण निजी अस्पतालों पर निर्भरता कम करने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं।
सीएचसी रुदौली में लगातार बेहतर होती सुविधाएं,आधुनिक उपकरण,प्रशिक्षित चिकित्सक और समर्पित स्टाफ के कारण क्षेत्रीय लोगों का सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा लगातार बढ़ रहा है। इस सफल प्रसव ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब कस्बाई और ग्रामीण इलाकों में भी जटिल चिकित्सा सेवाएं प्रभावी ढंग से उपलब्ध हैं। सफल ऑपरेशन के बाद अस्पताल परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। परिजनों, शुभचिंतकों एवं पत्रकार साथियों ने अधीक्षक डॉ. फ़ातिमा हसन रिज़वी सहित पूरे स्वास्थ्य केंद्र स्टाफ का आभार जताते हुए उनके कार्य की सराहना की।